TRENDING TAGS :
Bareilly News : दीवार निर्माण विवाद में वृद्ध पर हमला, सिर में चोट, पति-पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Bareilly News : बरेली के मीरगंज में दीवार निर्माण विवाद ने हिंसक रूप लिया, वृद्ध पर हमले में सिर में चोट, पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
Bareilly News : बरेली थाना मीरगंज क्षेत्र के मोहल्ला मेवात में दीवार निर्माण को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसी पक्ष ने घर में घुसकर एक वृद्ध के साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर में चोटें आईं। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला मेवात निवासी तोतराम पुत्र होरीलाल ने मीरगंज पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बुधवार सुबह करीब आठ बजे वह अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान दीवार निर्माण को लेकर पड़ोसी विनीत पुत्र तोतराम और उसकी पत्नी लक्ष्मी से कहासुनी हो गई। पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने दीवार तोड़ने का विरोध किया तो दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
तोतराम के अनुसार विवाद बढ़ने पर आरोपी लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। हमले के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लगी। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़ित का कहना है कि यदि समय रहते लोग न पहुंचते तो घटना और गंभीर हो सकती थी।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल वृद्ध ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच की मांग की।मीरगंज पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


