Bareilly News: इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर खेतों में पहुंचा युवक, मेटा अलर्ट से समय रहते बची जान

Bareilly News: बरेली में इंस्टाग्राम पर आत्महत्या का संकेत देने वाला वीडियो पोस्ट करने के बाद खेतों में गए युवक को मेटा अलर्ट के आधार पर पुलिस ने सुरक्षित खोजकर परिजनों को सौंप दिया।

Sunny Goswami
Published on: 28 July 2026 8:14 PM IST
Bareilly News: इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर खेतों में पहुंचा युवक, मेटा अलर्ट से समय रहते बची जान
X

Bareilly News

Bareilly News: बरेली सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर आत्महत्या का संकेत देने वाला वीडियो पोस्ट करने के बाद खेतों की ओर चले गए एक युवक की जान पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच गई। मेटा से मिले अलर्ट के आधार पर भुता थाना पुलिस ने तत्काल लोकेशन ट्रैक कर युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया और उसकी काउंसलिंग कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार भुता थाना क्षेत्र की चौकी बेवल बसंतपुर अंतर्गत ग्राम बेवल निवासी 26 वर्षीय रिंकू उर्फ पंकज पुत्र लल्लूराम ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर जहर खाने का वीडियो पोस्ट किया। वीडियो सामने आने के बाद मेटा की ओर से पुलिस को अलर्ट भेजा गया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक ऋषि मित्र ने हेड कांस्टेबल राजपाल सिंह के साथ तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक की लोकेशन ट्रैक की और गांव के बाहर खेतों में पहुंचकर उसे सुरक्षित खोज निकाला।

पूछताछ में युवक ने बताया कि उसकी शादी को करीब छह वर्ष हो चुके हैं, लेकिन संतान न होने के कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद रहता है। उसकी पत्नी प्रेमवती इन दिनों अपने मायके ग्राम झुमका, थाना रोजा (शाहजहांपुर) में रह रही है। युवक ने बताया कि वह पिछले एक सप्ताह में दो बार पत्नी को लेने गया, लेकिन उसके साथ वापस न आने से वह मानसिक तनाव में आ गया और आवेश में यह कदम उठा लिया।

पुलिस युवक को चौकी लेकर आई, जहां उसकी विस्तार से काउंसलिंग की गई। अधिकारियों ने उसे जीवन का महत्व समझाते हुए भविष्य में किसी भी परेशानी की स्थिति में परिजनों और पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी। युवक ने लिखित आश्वासन दिया कि वह दोबारा ऐसा कदम नहीं उठाएगा। इसके बाद उसे उसके पिता लल्लूराम के सुपुर्द कर दिया गया। इंस्पेक्टर रविंदर कुमार ने बताया कि समय पर मिले मेटा अलर्ट और पुलिस की सतर्कता से एक अनमोल जिंदगी बचाई जा सकी।

Sunny Goswami
ABOUT THE AUTHOR

Sunny Goswami

sunnygoswami.newstrackpr@gmail.com
Next Story