TRENDING TAGS :
Bareilly News: मीरगंज में दो घरों में चोरी से हड़कंप, नकदी और जेवरात समेत लाखों का माल पार
Bareilly News: बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम परौरा में चोरों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाकर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Bareilly News
Bareilly News: बरेली जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र के ग्राम परौरा में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम परौरा निवासी शक्ति सिंह पुत्र महेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 25 और 26 मई की दरमियानी रात अज्ञात चोर उनके घर में घुस आए। चोरों ने कमरे में रखी लोहे की अलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे करीब 1 लाख 75 हजार रुपये नकद तथा दो जोड़ी चांदी की पायल चोरी कर लीं। सुबह परिवार के लोग जागे तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई।
इसी रात चोरों ने पड़ोसी भगवान स्वरूप पुत्र नत्थू लाल मौर्य के घर को भी निशाना बनाया। चोर दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए और संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने का मंगलसूत्र, टीका, बेसर तथा चांदी का हाथफूल और बिछुआ चोरी कर ले गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। थाना मीरगंज पुलिस ने दोनों पीड़ितों की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।


