TRENDING TAGS :
Bareilly: 1.10 करोड़ के सोने के बिस्कुट और तमंचे के साथ शातिर गिरफ्तार, डीआरआई अधिकारी बन की थी लूट
Bareilly News: मीरगंज पुलिस ने 880 ग्राम सोने के आठ बिस्कुट और तमंचे संग आरोपी राहुल मौर्य को पकड़ा। चंबल एक्सप्रेस में डीआरआई अधिकारी बनकर की थी लूट।
Bareilly News: मीरगंज थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 880 ग्राम वजन के पीली धातु के आठ बिस्कुट और 12 बोर का अवैध तमंचा व एक कारतूस बरामद किया है। आरोपी ने बिस्कुट को सोना बताया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.10 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, चौकी प्रभारी पंकज कुमार कनवा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर परौरा कट के पास घेराबंदी कर राहुल मौर्य (33) पुत्र तुलसीराम निवासी नवादा शेखान, थाना बारादरी, बरेली को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से पीली धातु के आठ बिस्कुट, तमंचा और कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 22 अक्तूबर 2026 को बिहार के भभुआ रोड रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता से आ रही हावड़ा-इंदौर चंबल एक्सप्रेस में उसने अपने साथियों रोहित, सचिन, वरुण और धर्मेंद्र पटेल के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने खुद को राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) का अधिकारी बताकर एक व्यापारी से सोना लिया था। आरोपी के अनुसार, उसके तीन साथी पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। सोने के बिस्कुट उसके हिस्से में आए थे, जिन्हें लेकर वह छिपता फिर रहा था।
तमंचे के बारे में आरोपी ने बताया कि उसने इसे अपनी सुरक्षा के लिए बिना लाइसेंस के रखा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मीरगंज थाने में मुकदमा संख्या 552/26 के तहत धारा 317(2) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।नहीं रहेगा।


