Bareilly News: एसएसपी की बड़ी कार्रवाई, 122 उपनिरीक्षकों के तबादले से पुलिस महकमे में हड़कंप

Bareilly News: बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से 122 उपनिरीक्षकों के तबादले कर नई तैनातियां कीं।

Sunny Goswami
Published on: 11 Nov 2026 5:20 PM IST
Bareilly News: एसएसपी की बड़ी कार्रवाई, 122 उपनिरीक्षकों के तबादले से पुलिस महकमे में हड़कंप
X

Bareilly News: जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पुलिसिंग में कसावट लाने के उद्देश्य से एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। बुधवार को जारी आदेश में जिले के 122 उपनिरीक्षकों (दरोगाओं) के तबादले किए गए हैं। इस व्यापक फेरबदल से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के कई थानों और पुलिस चौकियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं।

तबादला सूची में कोतवाली, कैंट, इज्जतनगर, बारादरी, प्रेमनगर, सुभाषनगर, किला, सीबीगंज, भोजीपुरा, बहेड़ी, मीरगंज, आंवला, फरीदपुर, सिरौली, शाही, शीशगढ़, शेरगढ़, नवाबगंज, हाफिजगंज, भमौरा, भुता, विशारतगंज, देवरनियां और फतेहगंज पश्चिमी समेत जिले के कई थाने शामिल हैं।

मीरगंज में धर्मपाल सिंह बने वरिष्ठ उपनिरीक्षक

फेरबदल के तहत धर्मपाल सिंह को आंवला से मीरगंज थाने में वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं श्रीनिवास को कैंट से भमौरा, धर्मेंद्र सिंह को शीशगढ़ से कोतवाली, राजकुमार को भोजीपुरा से इज्जतनगर और धर्मेंद्र कुमार को इज्जतनगर से आंवला भेजा गया है।

चौकी प्रभारियों के कार्यक्षेत्र भी बदले

चौकी स्तर पर भी कई बदलाव किए गए हैं। अनूप सिंह को कुतुबखाना चौकी से आंवला कस्बा चौकी, राजा भारद्वाज को बैरियर-1 चौकी इज्जतनगर से बिहारीपुर चौकी और रोहित तोमर को बिहारीपुर से बल्लिया चौकी भमौरा भेजा गया है। नरेंद्र शर्मा को बल्लिया चौकी से थाना हाफिजगंज में नई तैनाती दी गई है।

महिला दरोगाओं को भी मिली नई जिम्मेदारी

तबादला सूची में महिला उपनिरीक्षकों को भी शामिल किया गया है। भारती रानी, प्रियंका, कोमल कुंडू, ज्योति त्यागी, रिंकी यादव, साक्षी शर्मा और पायल रानी समेत कई महिला दरोगाओं के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।

एसएसपी के इस फैसले को पुलिस महकमे में बड़े प्रशासनिक पुनर्गठन के रूप में देखा जा रहा है। नई तैनाती के बाद सभी उपनिरीक्षकों के सामने अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण की जिम्मेदारी होगी।

Sunny Goswami
ABOUT THE AUTHOR

Sunny Goswami

sunnygoswami.newstrackpr@gmail.com
Next Story