Bareilly News: पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रहे बाइक सवार युवकों को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर

Bareilly News: बरेली के मीरगंज क्षेत्र में पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रहे दो युवकों की बाइक की ट्रैक्टर से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

Sunny Goswami
Published on: 9 Jun 2026 3:23 PM IST
Bareilly News: पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रहे बाइक सवार युवकों को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर
X

Bareilly News

Bareilly News: बरेली थाना मीरगंज क्षेत्र में मंगलवार सुबह नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रहे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब उनकी मोटरसाइकिल की आमने-सामने एक ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। इनमें एक युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुर जनपद के थाना मिलक क्षेत्र के ग्राम कृमचा निवासी वीरपाल पुत्र कुवरसेन तथा संजय पुत्र राजेंद्र अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या यूपी-22 बीजे-7536 से बरेली में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रहे थे। मंगलवार सुबह जब वे मीरगंज क्षेत्र में अवंतिका पेट्रोल पंप के सामने नेशनल हाईवे पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रैक्टर चालक कथित रूप से वाहन को रॉन्ग साइड से चला रहा था। अचानक सामने आए ट्रैक्टर को देखकर बाइक सवार युवकों को संभलने का मौका नहीं मिला और दोनों वाहनों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि बाइक के पीछे बैठे संजय की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जबकि वीरपाल का भी उपचार जारी है।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई तथा घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। थाना मीरगंज पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Sunny Goswami
ABOUT THE AUTHOR

Sunny Goswami

Next Story