Bareilly News: मधुमक्खी के 80 बक्सों की चोरी का खुलासा, एक गिरफ्तार व ट्रक बरामद

Bareilly News: बरेली की शाही पुलिस ने चोरी हुए मधुमक्खी पालन के 80 बक्से और महिंद्रा ट्रक बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य साथी फरार हैं।

Sunny Goswami
Published on: 20 Nov 2026 6:00 PM IST
Bareilly News: मधुमक्खी के 80 बक्सों की चोरी का खुलासा, एक गिरफ्तार व ट्रक बरामद
X

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद की थाना शाही पुलिस ने मधुमक्खी पालन से जुड़े 80 बक्सों की चोरी की बड़ी घटना का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सभी 80 बक्से तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया महिंद्रा ट्रक बरामद कर लिया है। हालांकि, इस वारदात में शामिल उसके तीन अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना शाही क्षेत्र के गांव अक्सौरा निवासी प्रवेंद्र कुमार ने 18 नवंबर 2026 को थाने में तहरीर देकर अपने मधुमक्खी पालन के 80 बक्से चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के संज्ञान तथा एसपी दक्षिणी और सीओ मीरगंज के निर्देशन में पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

उत्तराखंड में बेचने की थी तैयारी

जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना और साक्ष्यों के आधार पर रिंकू (37) निवासी गांव ककरारी, थाना पचोखरा, जिला फिरोजाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सख्त पूछताछ में आरोपी रिंकू ने कबूल किया कि उसने अपने भाइयों हरिशंकर (30), सोनवीर (23) और साथी इश्तियाक अली उर्फ हाफिज निवासी रुस्तमपुर, थाना मिलक, जिला रामपुर के साथ मिलकर इस चोरी को अंजाम दिया था।

आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए मधुमक्खी के सभी बक्सों को परतापुर के जंगल में छिपाकर रखा गया था और उन्हें बेचने के लिए उत्तराखंड ले जाने की तैयारी थी। लेकिन रास्ते में पुलिस चेकिंग की सूचना मिलने पर आरोपियों ने ट्रक को एक कच्चे रास्ते पर खड़ा कर दिया। इसके बाद उसके तीनों साथी उत्तराखंड बॉर्डर पर मिलने की बात कहकर मौके से फरार हो गए, जबकि रिंकू पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

पुलिस की आगे की कार्रवाई

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने दर्ज मुकदमे में BNS की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार किए गए आरोपी रिंकू को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

इस पूरे मामले पर सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी का खुलासा कर सभी 80 बक्से व ट्रक बरामद कर लिया है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फरार चल रहे तीनों आरोपियों की तलाश में टीमें लगी हुई हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Sunny Goswami
ABOUT THE AUTHOR

Sunny Goswami

sunnygoswami.newstrackpr@gmail.com
Next Story