TRENDING TAGS :
Bareilly News: गैस सिलेंडर और चूल्हा दिलाने का झांसा देकर महिला से सोने के कुंडल उड़ाए,मुकदमा दर्ज
Bareilly News: बरेली के मीरगंज क्षेत्र में मुफ्त गैस सिलेंडर और चूल्हा दिलाने का झांसा देकर ठग ने महिला से सोने के कुंडल और अंगूठी ठग ली। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Bareilly News
Bareilly News: बरेली मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नंदगांव में एक महिला को मुफ्त गैस सिलेंडर और चूल्हा दिलाने का लालच देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी महिला को अपनी बातों में फंसाकर उसके सोने के कुंडल और अंगूठी लेकर फरार हो गया। पीड़िता ने गुरुवार को पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है
जानकारी के अनुसार गांव नंदगांव निवासी सावित्री पत्नी संतोष ने मीरगंज थाने में दी गई शिकायत में बताया कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचा। उसने खुद को जानकार बताते हुए कहा कि सरकार की योजना के तहत मुफ्त गैस सिलेंडर और चूल्हा वितरित किए जा रहे हैं। इसके बाद वह महिला को अपनी साइकिल पर बैठाकर गैस एजेंसी ले जाने के बहाने घर से बाहर ले गया।रास्ते में आरोपी ने महिला से कहा कि एजेंसी के भीतर सोने के आभूषण पहनकर प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। इस पर महिला ने अपने कानों के सोने के कुंडल उतारकर पर्स में रख लिए। इसके बाद आरोपी ने विश्वास में लेते हुए महिला से सोने की अंगूठी भी उतरवा ली। उसने महिला को एक दूसरी अंगूठी थमा दी और असली कुंडल व अंगूठी लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़िता ने आसपास के लोगों की मदद से आरोपी की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद गुरुवार को महिला ने मीरगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर मीरगंज रवि कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही है जल्द ही अज्ञात ठग को पकड़कर जेल भेजा जायेगा वहीं, पुलिस ने लोगों से अजनबियों के बहकावे में न आने और सतर्क रहने की अपील की है।


