TRENDING TAGS :
Bareilly News: कमरे में फंदे पर लटका मिला युवक का शव, परिजनों में मचा कोहराम
Bareilly News: बरेली में एक घर के कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला युवक का शव। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में रो-रोकर मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी।
Bareilly News(Photo-Social Media)
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली शहर के राजेंद्रनगर क्षेत्र में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत फांसी लगने से होने की पुष्टि हुई है।
जानकारी के अनुसार राजेंद्रनगर स्थित केके हॉस्पिटल के पास रहने वाले 30 वर्षीय सनी श्रीवास्तव रविवार सुबह अपने कमरे में फंदे पर लटके मिले। बताया जाता है कि जब उनकी मां गुड़िया देवी सुबह कमरे में पहुंचीं तो उन्होंने बेटे का शव दुपट्टे के सहारे लटका देखा। यह दृश्य देखकर उनकी चीख निकल गई, जिसके बाद परिवार और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
परिजनों और परिचितों के मुताबिक सनी परिवार में भाई-बहनों में सबसे छोटे थे और भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) के सामने स्थित एक किराना दुकान पर काम करते थे। बताया गया है कि शनिवार रात वह अपने कुछ दोस्तों के साथ बाहर घूमने और पार्टी करने गए थे, जिसके बाद घर लौट आए थे।
मृतक के मित्र प्रदीप ने बताया कि सनी का किसी से कोई विवाद नहीं था। उनके इस कदम से परिवार और मित्र स्तब्ध हैं। फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


