Bareilly News: आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Bareilly News: बरेली के नवदिया गांव में युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाया।

Sunny Goswami
Published on: 17 May 2026 5:56 PM IST
Bareilly News
X

Bareilly News (Social Media).jpg

Bareilly News: भुता थाना क्षेत्र के नवदिया गांव में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर एक आम के पेड़ पर 30 वर्षीय युवक का शव लटका हुआ पाया गया। मृतक की पहचान शैलेंद्र सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं, मृतक के परिवार ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया है और रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप लगाया है।

पारिवारिक विवाद और मारपीट का मामला

मृतक के परिजनों के मुताबिक, शैलेंद्र सिंह का उनके ही कुछ रिश्तेदारों से पिछले काफी समय से लगातार विवाद चल रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव का माहौल था, जिसे सुलझाने के लिए पहले कई बार पंचायतें भी हुईं, लेकिन विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हो सका।

करीब एक महीने पहले शैलेंद्र की अपनी चचेरी भाभी नीतू सिंह से कहासुनी हुई थी, जिसे उस वक्त गांव वालों ने बीच-बचाव कर शांत करा दिया था। लेकिन लगभग छह दिन पहले यह विवाद एक बार फिर गहरा गया और नौबत मारपीट तक पहुंच गई। परिजनों का आरोप है कि नीतू सिंह ने अपने रिश्तेदारों और परिचितों को बुलाकर शैलेंद्र सिंह के साथ मारपीट करवाई थी। इस संबंध में शैलेंद्र ने भुता थाने में लिखित तहरीर भी दी थी। परिवार का मानना है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते शैलेंद्र की हत्या की साजिश रची गई और हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही भुता थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। इस संदिग्ध मौत के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और तनाव का माहौल बना हुआ है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल, पुलिस परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और पूर्व में हुए विवादों को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Ramkrishna Vajpei

Ramkrishna Vajpei

Mail ID - rkvajpei@gmail.com

Next Story