Bareilly News: बारात में जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, ममेरे भाई समेत बाइक सवार घायल

Bareilly News: थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव सोराह निवासी 22 वर्षीय कृष्णपाल पुत्र प्रीतम लाल अपने ममेरे भाई रामौतार के साथ मोटरसाइकिल से बारात में शामिल होने जा रहा था।

Sunny Goswami
Published on: 22 May 2026 6:00 PM IST
Bareilly News
X

Bareilly News (Social Media) (1).jpg

Bareilly News: जिले के थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बारात में शामिल होने जा रहे दो युवकों की बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका ममेरा भाई घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव सोराह निवासी 22 वर्षीय कृष्णपाल पुत्र प्रीतम लाल अपने ममेरे भाई रामौतार के साथ मोटरसाइकिल से बारात में शामिल होने जा रहा था। बताया गया कि गांव लमकन से गांव लामीखेड़ा जा रही बारात में दोनों युवक शामिल होने के लिए निकले थे। जब उनकी बाइक भोजीपुरा क्षेत्र में धौराटांडा के पास पहुंची, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने कृष्णपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल रामौतार का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे घर भेज दिया गया।

परिजनों ने बताया कि मृतक कृष्णपाल बीएल एग्रो फैक्ट्री में नौकरी करता था और परिवार का सहारा था। युवक की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। जिस घर में शादी की तैयारियों और खुशियों का माहौल था, वहां अचानक मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Ramkrishna Vajpei

Ramkrishna Vajpei

Mail ID - rkvajpei@gmail.com

Next Story