Bareilly News: बुजुर्ग से जबरन जय श्री राम के नारे लगवाने का आरोप, बचाने आए हिंदू युवक की पिटाई

Bareilly News: बरेली में बुजुर्ग से जबरन जय श्री राम के नारे लगवाने का आरोप लगा। बचाने आए हिंदू युवक के साथ भी मारपीट हुई। मामले को लेकर AIMIM ने कोतवाली घेरकर विरोध जताया।

Sunny Goswami
Published on: 27 Oct 2026 11:56 AM IST
Bareilly News
X

Bareilly News(Photo-Social Media)

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक बेहद संवेदनशील और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ नगर निगम गेट के ठीक सामने देर रात कुछ शरारती तत्वों ने एक बुजुर्ग मुस्लिम व्यक्ति को घेरकर उनके साथ मारपीट की और जबरन धार्मिक नारे लगवाए। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।

दाढ़ी खींची और धक्का-मुक्की

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित बुजुर्ग की पहचान हाजी पप्पू के रूप में हुई है। आरोपी युवकों ने नगर निगम के सामने उन्हें रोककर उनकी दाढ़ी खींची, उनके साथ धक्का-मुक्की की और उन पर दबाव बनाकर जबरन 'जय श्री राम' के नारे लगवाए। बुजुर्ग के साथ हुई इस अभद्रता और बदसलूकी का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवकों की यह करतूत साफ देखी जा सकती है।

बचाने आए रिंकू यादव को भी पीटा

जब शरारती तत्व बुजुर्ग के साथ मारपीट कर रहे थे, उसी दौरान वहाँ से गुजर रहे रिंकू यादव नामक एक युवक ने बीच-बच बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि मनचलों ने रिंकू पर भी हमला बोल दिया और उन्हें बेरहमी से पीटा। इस मारपीट में बुजुर्ग और रिंकू यादव दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।

AIMIM नेताओं ने कोतवाली का किया घेराव

इस घटना की खबर फैलते ही मुस्लिम समुदाय और राजनीतिक दलों में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया। AIMIM के प्रदेश महासचिव नदीम कुरैशी भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ देर रात कोतवाली पहुँचे और थाने का घेराव किया। उन्होंने घायल रिंकू यादव का मेडिकल कराने और नामजद उपद्रवियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की है।

वीडियो में कैद हुई पूरी करतूत

घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें स्कूटी पर सवार मुस्लिम बुजुर्ग को कुछ लड़के रोकते और उनसे जबरन नारे लगवाते साफ नजर आ रहे हैं। वीडियो रिकॉर्ड कर रहा व्यक्ति यह कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि ये लड़के 'चाचा' से जबरन नारे लगवा रहे हैं और उनके साथ मारपीट कर रहे हैं। इसके बाद जब रिंकू यादव फोन पर मदद मांगता दिखता है, तो हमलावर लड़के मौके से भागते नजर आते हैं और लोग 112 नंबर पर पुलिस को सूचना देने की बात कहते हैं। पुलिस मामले की जाँच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Sunny Goswami
ABOUT THE AUTHOR

Sunny Goswami

sunnygoswami.newstrackpr@gmail.com
Next Story