Bareilly News: फरीदपुर में विधायक कार्यालय के सामने हिस्ट्रीशीटर की ताबड़तोड़ फायरिंग, दहशत

Bareilly News: फरीदपुर में विधायक कार्यालय के सामने हिस्ट्रीशीटर की कथित ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

Sunny Goswami
Published on: 15 Aug 2026 10:29 AM IST
Bareilly News: फरीदपुर में विधायक कार्यालय के सामने हिस्ट्रीशीटर की ताबड़तोड़ फायरिंग, दहशत
X

Bareilly Faridpur firing Case

Bareilly News: फरीदपुर कस्बे में शुक्रवार देर शाम भाजपा के दिवंगत विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के कार्यालय के सामने एक चाय की दुकान पर हिस्ट्रीशीटर द्वारा कथित रूप से कई राउंड फायरिंग किए जाने से इलाके में दहशत फैल गई। गोलियों की आवाज सुनकर बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग दुकानों व खड़ी कारों के पीछे छिपकर अपनी जान बचाने लगे।

विधायक कार्यालय प्रभारी अनिल राजपूत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अमन अजमेरी अपने एक साथी के साथ बाइक से चाय की दुकान के पास पहुंचा था। वहां किसी व्यक्ति से कहासुनी के बाद उसने कथित तौर पर तमंचे से हवाई फायरिंग शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने अनिल राजपूत की ओर तमंचा करके भी कई राउंड फायर किए। इससे वह मौके से भागकर अपनी जान बचाने को मजबूर हुए।

फायरिंग की तड़तड़ाहट से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक के बेटे ईशान ग्वाल और उनका गनर कार्यालय से बाहर आए। इसी दौरान पुलिसकर्मियों को अपनी ओर आता देख आरोपी अपने साथी के साथ बाइक से बरेली की तरफ फरार हो गया।

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। फायरिंग की घटना से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने की बात कही गई है।

Sunny Goswami
ABOUT THE AUTHOR

Sunny Goswami

sunnygoswami.newstrackpr@gmail.com
Next Story