Bareilly News: तीन तलाक के बाद जमीला ने अपनाया सनातन धर्म, बनीं ज्योति देवी; प्रकाश संग लिए सात फेरे

Bareilly News: बरेली के अगस्त्य मुनि आश्रम में जमीला ने अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन के बाद प्रकाश रविदास संग हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया।

Sunny Goswami
Published on: 18 Aug 2026 8:13 PM IST
Jamila adopted Sanatan Dharma and became Jyoti Devi
X

तीन तलाक के बाद जमीला ने अपनाया सनातन धर्म, बनीं ज्योति देवी; प्रकाश संग लिए सात फेरे (Photo- Social Media)

Bareilly News: झारखंड के बोकारो निवासी 18 वर्षीय जमीला खातून ने सनातन धर्म अपनाकर अपना नया नाम ज्योति देवी रखा। इसके बाद उन्होंने हजारीबाग निवासी 22 वर्षीय प्रकाश रविदास के साथ बरेली स्थित अगस्त्य मुनि आश्रम में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अग्नि को साक्षी मानकर दोनों ने सात फेरे लिए और साथ जीवन बिताने का संकल्प लिया।

जमीला के अनुसार, वह भगवान शिव की पूजा करती थीं। आरोप है कि उनकी धार्मिक आस्था को लेकर पूर्व शौहर और ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना की। बाद में उन्हें तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया गया। इसके बाद प्रकाश रविदास ने उनका साथ दिया और दोनों ने विवाह करने का निर्णय लिया।

जमीला का शुद्धिकरण कराया गया

बताया गया कि जमीला बोकारो जिले के लोधी नीचे टोला और प्रकाश हजारीबाग जिले के चानो गांव के निवासी हैं। बातचीत के बाद दोनों विवाह के लिए बरेली पहुंचे और अगस्त्य मुनि आश्रम के आचार्य के.के. शंखधार से संपर्क किया। आश्रम में धार्मिक विधियों के तहत जमीला का शुद्धिकरण कराया गया। गंगाजल और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के बाद गायत्री मंत्र का जाप कराया गया। इसके बाद उन्होंने अपनी इच्छा से सनातन धर्म अपनाने की घोषणा की और उनका नाम ज्योति देवी रखा गया।

अपनी इच्छा से सनातन धर्म स्वीकार किया

विवाह के बाद ज्योति देवी ने कहा कि उन्होंने बिना किसी दबाव, लालच या प्रलोभन के अपनी इच्छा से सनातन धर्म स्वीकार किया है। उन्होंने भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था जताते हुए प्रकाश के साथ नई जिंदगी शुरू करने पर खुशी व्यक्त की।

आचार्य के.के. शंखधार के मुताबिक, विवाह से पहले दोनों की उम्र और पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। विवाह के बाद नवदंपति ने प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे शांतिपूर्वक अपना वैवाहिक जीवन आगे बढ़ा सकें।

Sunny Goswami
ABOUT THE AUTHOR

Sunny Goswami

sunnygoswami.newstrackpr@gmail.com
Next Story