TRENDING TAGS :
Bareilly News: कार्तिक गंगा स्नान मेले को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी साउथ ने किया निरीक्षण
Bareilly News: बरेली के गोरा लोकनाथपुर में रामगंगा तट पर लगने वाले मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था परखे।
कार्तिक गंगा स्नान मेले को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी साउथ ने किया निरीक्षण (Photo- Newstrack)
Bareilly News: बरेली थाना मीरगंज क्षेत्र के गोरा लोकनाथपुर में रामगंगा नदी के तट पर लगने वाले ऐतिहासिक कार्तिक गंगा स्नान मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सोमवार को एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने पुलिस अधिकारियों और फोर्स के साथ मेला स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीओ मीरगंज अजय कुमार और थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। एसपी साउथ ने रामगंगा नदी के स्नान घाटों और श्रद्धालुओं के आवागमन के रास्तों का निरीक्षण किया। उन्होंने मेला क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील स्थानों की जानकारी ली। साथ ही पुलिसकर्मियों को मेले के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
बता दें कि गोरा लोकनाथपुर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाला गंगा स्नान मेला क्षेत्र का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रखने वाला आयोजन है। इस मेले में मीरगंज तहसील के अलावा बरेली जनपद और आसपास के जिलों से लाखों श्रद्धालु रामगंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते नदी के घाटों और मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण चुनौती रहती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मुख्य स्नान पर्व से एक दिन पहले सोमवार को व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ को व्यवस्थित रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और गंगा स्नान का पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जा सके।


