Bareilly News: किसान यूनियन टिकैत ने निकाली तिरंगा यात्रा, किसानों की समस्याओं को लेकर उठाई आवाज

Bareilly News: बरेली के फतेहगंज पश्चिमी में किसान यूनियन टिकैत ने तिरंगा यात्रा निकालकर किसानों की समस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

Sunny Goswami
Published on: 13 Aug 2026 9:36 PM IST
Bareilly News:  किसान यूनियन टिकैत ने निकाली तिरंगा यात्रा, किसानों की समस्याओं को लेकर उठाई आवाज
X

Bareilly News 

Bareilly News: बरेली स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में किसान यूनियन टिकैत की ओर से गुरुवार को फतेहगंज पश्चिमी में तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रभारी ब्लॉक अध्यक्ष विशाल कुमार के नेतृत्व में निकाली गई यात्रा में किसान यूनियन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत बरेली-रामपुर रोड स्थित उनासी चौराहे से हुई। यात्रा टोल प्लाजा होते हुए फतेहगंज पश्चिमी के साप्ताहिक बाजार पहुंची और इसके बाद विकासखंड कार्यालय तक गई। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में आयोजित यात्रा का समापन उनासी चौराहे पर किया गया। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।

कार्यक्रम के बाद किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारियों ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर थाना अध्यक्ष फतेहगंज पश्चिमी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों और उनके परिवारों पर दर्ज कथित झूठे मुकदमों की समस्या का समाधान कराने, छुट्टा पशुओं से निजात दिलाने तथा किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की गई। आवारा गोवंश से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में किसानों को परेशानियों से राहत दिलाने की मांग की।इस मौके पर मीरगंज तहसील अध्यक्ष सुधीर बालियां, झंडू सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष मदनलाल ठाकुर, अरविंद सिंह सोमवंशी, जिला मीडिया प्रभारी चौधरी हरवीर सिंह, जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार मौर्य, जगदीश, झुंडे लाल गंगवार, शेरगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष वाहिद, जमुना प्रसाद, ब्लॉक सचिव पंकज शर्मा सहित किसान यूनियन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Sunny Goswami
ABOUT THE AUTHOR

Sunny Goswami

sunnygoswami.newstrackpr@gmail.com
Next Story