TRENDING TAGS :
Bareilly News: पसमांदा समाज ने किया सावन के तीसरे सोमवार पर शिवभक्त कांवड़ियों का भव्य स्वागत
Bareilly News: बरेली में सावन के तीसरे सोमवार पर पसमांदा समाज ने शिवभक्त कांवड़ियों का भव्य स्वागत कर सौहार्द का संदेश दिया।
Bareilly News(Photo-Social Media)
Bareilly News: हिंदुस्तानी पसमांदा मंच के जिला अध्यक्ष शारिक अब्बासी के नेतृत्व में सोमवार को पसमांदा समाज के लोगों ने ईसाइयों की पुलिया, 300 बेड अस्पताल के पास शिवभक्त कांवड़ियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान कांवड़ियों को फ्रूटी, पानी की बोतल सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। स्वागत से कांवड़ियों में भी उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एससी-एसटी आयोग के सदस्य उमेश कठेरिया और नगर निगम की उपसभापति पूनम राठौर ने फीता काटकर किया। इसके बाद मंच के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें पेयजल एवं खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई।
इस अवसर पर शारिक अब्बासी ने कहा कि हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारा देश की सबसे बड़ी ताकत है। सभी समाजों को मिलकर गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने के लिए प्रयास करना चाहिए। शिवभक्त कांवड़ियों का स्वागत आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देने वाली सकारात्मक पहल है।
उन्होंने कहा कि समाज में शांति, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए। इससे आपसी विश्वास बढ़ता है और सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है। कार्यक्रम में हिंदुस्तानी पसमांदा मंच के महानगर अध्यक्ष तारिक कुरैशी, भाजपा महानगर कार्यसमिति सदस्य चंद्रपाल राठौर, महानगर उपाध्यक्ष वसीम अहमद, नूरुद्दीन, हसीब अंसारी, शफात हुसैन, आलम कुरैशी, अनीस सकलैनी, जुबेर और फुरकान सलमानी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समाज के लोग मौजूद रहे।


