Bareilly News: रोडवेज बस चालक को हार्ट अटैक, बस सुरक्षित रोककर बचाई यात्रियों की जान, मौत

Bareilly News: ड्यूटी के दौरान रोडवेज बस चालक को अचानक हार्ट अटैक आया। उन्होंने बस को सुरक्षित सड़क किनारे रोककर यात्रियों की जान बचाई, लेकिन बाद में उनकी मृत्यु हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।

Sunny Goswami
Published on: 13 July 2026 2:14 PM IST
Bareilly News
X

Bareilly News(Photo-Social Media)

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ मुजफ्फरनगर डिपो की रोडवेज बस चला रहे एक संविदा चालक की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। गंभीर स्थिति में भी चालक ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए यात्रियों की जान बचाई, लेकिन अंततः अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक चालक 48 वर्षीय सुनील कुमार थे, जो मूल रूप से जिला शामली के थाना बाबरी क्षेत्र के गांव भजूं के निवासी थे। रविवार को सुनील कुमार मुजफ्फरनगर डिपो की बस में सवारियां लेकर लखनऊ जा रहे थे। जब बस बरेली के थाना फरीदपुर क्षेत्र के गांव टिसुआ के पास पहुंची, तो अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और उनकी तबीयत बिगड़ गई।

चलती बस में चालक की हालत खराब होते देख यात्री घबरा गए और बस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, सुनील कुमार ने अपनी जान जोखिम में डालकर अंतिम समय तक संतुलन बनाए रखा और किसी तरह बस को सुरक्षित सड़क के किनारे रोक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। बस रुकते ही परिचालक ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत एम्बुलेंस को कॉल किया। चालक को आनन-फानन में बरेली जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई है। सुनील कुमार की मृत्यु की सूचना मिलते ही उनके परिजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए। उनके निधन की खबर सुनते ही उनकी पत्नी अर्चना का रो-रोकर बुरा हाल है। सुनील कुमार के परिवार में उनकी पत्नी और तीन बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना ने पूरे परिवहन विभाग में शोक की लहर दौड़ दी है।

Sunny Goswami
ABOUT THE AUTHOR

Sunny Goswami

sunnygoswami.newstrackpr@gmail.com
Next Story