TRENDING TAGS :
Bareilly News: रात पिता को गाली देने से रोकने पर छात्रा ने दी जान, चाचा पर प्रताड़ना का आरोप
Bareilly News: पिता को अपशब्द कहने का विरोध करने पर छात्रा से मारपीट का आरोप, थाने में शिकायत के बाद घर लौटने पर फिर हुआ विवाद, पुलिस पर लापरवाही का आरोप।
रात पिता को गाली देने से रोकने पर छात्रा ने दी जान, चाचा पर प्रताड़ना का आरोप (File Photo- Newstrack)
Bareilly News: सुभाषनगर थाना क्षेत्र के गणेश नगर में दीपावली की रात पारिवारिक विवाद के बाद 17 वर्षीय इंटरमीडिएट की छात्रा ने फंदे से लटककर जान दे दी। पिता को गाली देने का विरोध करने पर चाचा ने उसके साथ मारपीट की थी। आरोप है कि छात्रा ने थाने पहुंचकर शिकायत भी की, लेकिन घर लौटने पर उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गणेश नगर गली नंबर तीन निवासी संजीव कश्यप की बेटी नैंसी इंटरमीडिएट की छात्रा थी। दीपावली की शाम करीब साढ़े पांच बजे संजीव का छोटा भाई राजा घर पहुंचा और अपने बड़े भाई को गालियां देने लगा। उस समय संजीव घर पर नहीं थे। नैंसी ने पिता को गाली देने से मना किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसका सिर दीवार और साइकिल पर दे मारा। बीच-बचाव करने आई मां गोमती देवी को भी लात मारी।
डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया
इसके बाद नैंसी शाम करीब छह बजे सुभाषनगर थाने पहुंची और चाचा के खिलाफ तहरीर दी। पिता संजीव का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। घर लौटने पर आरोपी ने शिकायत करने से नाराज होकर नैंसी के साथ दोबारा मारपीट की।
रात में परिजन दीपावली की पूजा की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी दौरान नैंसी ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन उसे मिशन अस्पताल, दीपमाला अस्पताल और रामगंगा अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता ने अपने दो भाइयों राजा और दीपक के खिलाफ तहरीर दी है। उनका आरोप है कि राजा नशे का आदी है और लंबे समय से परिवार को परेशान कर रहा था। नैंसी की एक छोटी बहन गुनगुन है। पिता पुताई और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। त्योहार की रात हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।


