TRENDING TAGS :
Bareilly News: छात्रा हत्याकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में छात्रा हत्या मामले का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया। मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने पूछताछ में गुस्से में हत्या करने की बात कबूल की।
Bareilly News
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के थाना सीबीगंज क्षेत्र में छात्रा की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। यहां पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मारकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके बाद घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, मृतका का सामान और बिना नंबर की बाइक बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, 16 मई को दिल्ली-लखनऊ हाईवे के पास ग्राम खत्रा गोटिया के एक खेत में युवती का शव मिला था। मृतका की पहचान नीतू, निवासी ग्राम मानपुर थाना शीशगढ़, के रूप में हुई। गले पर निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
शनिवार रात पुलिस हाईवे पर चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बाइक से गुजरने वाला है। थूलिया अंडरपास के पास घेराबंदी करने पर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी अशोक निवासी लक्ष्मीपुर भीखा, रामपुर ने बताया कि वह नीतू को छह वर्षों से जानता था और उससे शादी करना चाहता था। नीतू डीएलएड की छात्रा थी और आरोपी उसे परीक्षा केंद्र लाने-ले जाने का काम करता था। मोबाइल में अन्य युवकों की चैट और फोटो देखने के बाद दोनों में विवाद हुआ। गुस्से में उसने नीतू के दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, पुलिस पर हमला और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


