Bareilly News: महिला सिपाही से डेढ़ लाख रुपये और सोने की अंगूठी ठगकर दंपती फरार

Bareilly News: बरेली में महिला कांस्टेबल से बीमारी और तंगी का बहाना बनाकर दंपती ने डेढ़ लाख रुपये, लोन और सोने की अंगूठी ठगी, केस दर्ज।

Sunny Goswami
Published on: 19 May 2026 7:43 PM IST
Couple absconds after cheating Rs 1.5 lakh and gold ring from female cop
X

महिला सिपाही से डेढ़ लाख रुपये और सोने की अंगूठी ठगकर दंपती फरार (Photo- Social Media)

Bareilly News: बरेली। थाना किला क्षेत्र में महिला सिपाही से करीब डेढ़ लाख रुपये और सोने की अंगूठी ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि किराए पर साथ रहने वाले दंपती ने पहले भरोसा जीता और फिर बीमारी व घरेलू परेशानियों का बहाना बनाकर रुपये उधार ले लिए। बाद में मकान खाली कर फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर किला थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार थाना किला में तैनात महिला कांस्टेबल नीलम भाटी साहूकारा क्षेत्र में किराए के मकान में रहती थीं। दिसंबर 2024 में उसी मकान में लक्ष्मी गुप्ता और उसका पति अक्षय गुप्ता किराएदार बनकर रहने आए। एक ही मकान में रहने के कारण दोनों परिवारों के बीच अच्छे संबंध हो गए। आरोप है कि लक्ष्मी गुप्ता ने बेटी की बीमारी और आर्थिक तंगी का हवाला देकर अलग-अलग समय पर करीब डेढ़ लाख रुपये उधार ले लिए।

महिला सिपाही का आरोप है कि अक्षय गुप्ता ने भी भरोसे में लेकर उनके नाम पर एक लाख रुपये का लोन करवा लिया, जिसकी किस्तें जमा नहीं की गईं। इसके अलावा लक्ष्मी ने शादी में जाने का बहाना बनाकर उनकी सोने की अंगूठी भी ले ली।

कुछ दिन पहले महिला कांस्टेबल छुट्टी पर घर गई थीं। लौटने पर पता चला कि आरोपी दंपती मकान खाली कर फरार हो चुका है। इसके बाद उन्होंने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। एसएसपी के निर्देश पर किला पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story