TRENDING TAGS :
Bareilly News: पासपोर्ट कार्यालय जा रहे युवक की बाइक पेड़ से टकराई, मौत; भांजा गंभीर
Bareilly News: बरेली में पासपोर्ट कार्यालय जा रहे युवक की बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
Bareilly News(Photo-Social Media)
Bareilly News: थाना शीशगढ़ क्षेत्र में सोमवार सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका 15 वर्षीय भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मोटरसाइकिल से बरेली स्थित पासपोर्ट कार्यालय जा रहे थे। रास्ते में सहोड़ा अड्डे के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के गांव खोधालपुर निवासी साकिब (28) सोमवार सुबह अपने 15 वर्षीय भांजे अनस के साथ बाइक से बरेली जाने के लिए निकले थे। परिजनों के मुताबिक, दोनों को पासपोर्ट कार्यालय में जरूरी काम था। वे शीशगढ़ थाना क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान सहोड़ा अड्डे के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साकिब की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनस गंभीर रूप से घायल हो गया।
चार महीने पहले हुई थी शादी
साकिब के भाई आरिफ ने बताया कि उनका भाई एक निजी कंपनी में कैशियर के पद पर काम करता था। उसकी शादी महज चार महीने पहले खुशी के साथ हुई थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। नवविवाहिता पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मोबाइल और दस्तावेजों से हुई पहचान
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अनस को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतक की जेब से मिले मोबाइल फोन और दस्तावेजों की मदद से उसकी पहचान की और परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंच गए। पुलिस ने साकिब के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।


