TRENDING TAGS :
Basti News: सरयू नदी में स्नान करते समय दो युवक डूबे, एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी
Basti News: बस्ती के चांदपुर घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान सरयू नदी में स्नान करते समय दो युवक डूब गए। एक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश गोताखोरों द्वारा जारी है।
Basti News
Basti News: बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रखिया गांव में एक अंतिम संस्कार के दौरान बड़ा हादसा हो गया। चांदपुर घाट पर सरयू नदी में स्नान करते समय दो युवक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार फैल गई।
जानकारी के अनुसार, गांव में एक व्यक्ति की बीमारी के चलते मौत हो गई थी, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए दुबौलिया थाना क्षेत्र के चांदपुर घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार संपन्न होने के बाद कुछ लोग नदी में स्नान करने लगे, तभी यह हादसा हो गया।डूबने वाले युवकों की पहचान 25 वर्षीय मनोज कन्नौजिया और 20 वर्षीय वीरेंद्र चौधरी निवासी रखिया गांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव के कारण डूबने लगे। साथ मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों और बचाव टीम की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। दुबौलिया थाना अध्यक्ष के अनुसार, गोताखोरों की मदद से एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


