Basti News: 1952 ताजिए और 127 जुलूसों को लेकर प्रशासन अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस

Basti News: बस्ती में 1952 ताजियों और 127 जुलूसों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती, निगरानी और विशेष इंतजाम किए गए हैं।

Amril Lal
Published on: 15 Jun 2026 3:22 PM IST (Updated on: 15 Jun 2026 4:12 PM IST)
Basti News
X

Basti News(Photo-Social Media)

Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में मुहर्रम (Muharram) त्योहार को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं। त्योहार को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह (Dr. Yashveer Singh) ने बताया कि जिले में इस बार 1952 ताजिए (Taziya) बैठाए जाएंगे, जबकि 127 स्थानों से जुलूस (Procession) निकाले जाएंगे। उन्होंने बताया कि ताजियों की संख्या में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। पिछले पांच वर्षों से जितने ताजिए बैठाए जाते रहे हैं, इस वर्ष भी उतनी ही संख्या में ताजिए स्थापित किए जाएंगे।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किए गए 600 से अधिक जवान

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुहर्रम को देखते हुए पीएसी (PAC) सहित करीब 600 पुलिसकर्मियों और अन्य विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों के दौरान बस्ती जिले में मुहर्रम जुलूस के समय कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है और इस बार भी शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

19 जोन और 87 सेक्टर में बांटा गया जिला

मुहर्रम के दौरान बेहतर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे जिले को 19 जोन (Zone) और 87 सेक्टर (Sector) में विभाजित किया गया है। इसके अलावा एक अतिरिक्त कंपनी पीएसी भी तैनात की गई है ताकि किसी भी स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। पुलिस प्रशासन ने फायर सर्विस (Fire Service) को भी अलर्ट मोड पर रखा है, जिससे किसी भी संभावित अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

गड़बड़ी फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति मुहर्रम के दौरान माहौल खराब करने या गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जुलूसों की निगरानी के लिए महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में भी तैनात किया जाएगा। ये पुलिसकर्मी भीड़ के बीच रहकर गतिविधियों पर नजर रखेंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल अधिकारियों तक पहुंचाएंगे।

चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर

मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन का कहना है कि जिले के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर रहेगी और हर गतिविधि पर कड़ी मॉनिटरिंग की जाएगी।

शांति समिति की बैठक में सुनी गईं समस्याएं

त्योहार को लेकर शांति समिति (Peace Committee) की बैठक भी आयोजित की जा चुकी है। बैठक में समिति के सदस्यों द्वारा उठाई गई समस्याओं और सुझावों को सुना गया तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए गए। इसके साथ ही शासन की मंशा के अनुरूप जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी भी शांति समिति के सदस्यों को दी गई, ताकि मुहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराया जा सके

Amril Lal
ABOUT THE AUTHOR

Amril Lal

Next Story