TRENDING TAGS :
Basti News: बस्ती यशवंत हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार
Basti News: बस्ती में यशवंत हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया, दो आरोपित गिरफ्तार हुए और अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
बस्ती यशवंत हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार (Photo- Newstrack)
Basti News: बस्ती जिले के चर्चित यशवंत हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वाल्टरगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या के मामले में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक इस हत्याकांड में कुल पांच लोग शामिल थे। गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान रामललित चौधरी और सोना देवी के रूप में हुई है। मामले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
ड्यूटी से लौटने के बाद रहस्यमय तरीके से लापता हुआ था यशवंत
सीओ सदर मानसी दहिया ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि नगर थाना क्षेत्र के खड़ौवा खुर्द निवासी यशवंत कुमार उम्र 26 वर्ष उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम, गोरखपुर में संविदा कर्मचारी था। 8 सितंबर को ड्यूटी से लौटने के बाद वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था।
अगले दिन यशवंत की मोटरसाइकिल दुबौलिया क्षेत्र में मिली। इसके बाद उसका शव वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के धमौरा गांव के पास सड़क किनारे बरामद हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान यशवंत कुमार के रूप में की गई।
भाई की तहरीर पर दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा
यशवंत के भाई हेमंत कुमार की तहरीर पर वाल्टरगंज थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना को अंजाम देने में पांच लोग शामिल थे।
पुलिस ने जांच के आधार पर रामललित चौधरी और सोना देवी को अमहट हाईवे मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी रही।
युवती को परेशान करने और ब्लैकमेल करने का आरोप
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि यशवंत पर एक युवती को कथित रूप से परेशान करने, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और उसके विवाह में बाधा डालने का आरोप था। इसी बात को लेकर रंजिश पैदा हुई थी।
पुलिस के मुताबिक इसी रंजिश में सोना देवी, उसकी बेटी रीमा, गुड़िया, शीला और रामललित ने मिलकर यशवंत की हत्या की साजिश रची।
गन्ने के खेत के पास ले जाकर की गई हत्या
पुलिस जांच के मुताबिक 8 सितंबर की रात यशवंत को बुलाकर गन्ने के खेत के पास ले जाया गया। वहां उसे जमीन पर गिराकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपितों ने शव को मोटरसाइकिल पर लादा और वाल्टरगंज क्षेत्र में सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस के अनुसार शव को इस तरह ठिकाने लगाने का मकसद पहचान और साक्ष्य छिपाना था।
गिरफ्तार आरोपितों के पास से दस्तावेज और मोबाइल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से मृतक के दस्तावेज, दो मोबाइल फोन, नकदी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां भी सामने आ सकती हैं।
इस पूरे मामले का खुलासा सीओ सदर मानसी दहिया ने किया। वाल्टरगंज थानाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र राय के नेतृत्व में वाल्टरगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।


