TRENDING TAGS :
BJP नेता की घिनौनी करतूत! महिला डाॅक्टर को नशीला पदार्थ दे बनाई अश्लील वीडियो, केस दर्ज
Bijnor News: चांदपुर क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े एक जिला पदाधिकारी पर महिला चिकित्सक ने गंभीर आरोप लगाए हैं। जिससे इलाके की राजनीति और सामाजिक माहौल में हलचल मच गई है।
Bijnor News
Bijnor News: जिले के चांदपुर क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े एक जिला पदाधिकारी पर महिला चिकित्सक ने गंभीर आरोप लगाए हैं। जिससे इलाके की राजनीति और सामाजिक माहौल में हलचल मच गई है। महिला चिकित्सक ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि बीजेपी जिला मंत्री प्रभात यादव ने उनके साथ विश्वासघात किया। प्रभात यादव ने उसके खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें बेहोश कर दिया और फिर आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें बना लीं। महिला डॉक्टर का यह भी कहना है कि इस हरकत के बाद प्रभात यादव लगातार उसे ब्लैकमेल करता रहा। यही नहीं उसका मानसिक व शारीरिक शोषण भी किया।
10 महीने पहले हुआ था पति का निधन
महिला डॉक्टर ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि करीब दस माह उसके पति का निधन हो गया था। पति के निधन के बाद से ही प्रभात यादव का क्लिनिक पर आना-जाना बढ़ गया। शुरुआत में उसने मदद और सहयोग का भरोसा दिलाया, लेकिन बाद में उसके इरादे बदल गये। महिला चिकित्सक का कहना है कि एक दिन बीजेपी नेता ने उसके खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया जिससे वह बेहोश हो गयी। इसके बाद अश्लील वीडियो और फोटो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए। इसके बाद से वह लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए पैसे की डिमांड करता रहता है।
परिजनों को बतायी घटना
बीजेपी नेता की करतूतों से आजिज आ रही महिला डॉक्टर ने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई, तब परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। महिला ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने और सुरक्षा देने की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभात यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मामले को लेकर चांदपुर के सीओ देश दीपक सिंह ने बताया कि महिला चिकित्सक की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले से जुड़े हर पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पार्टी हाईकमान ने जांच को गठित की तीन सदस्यीय समिति
इस गंभीर मामले के सामने आने के बाद स्थानीय बीजेपी संगठन में भी विवाद खड़ा कर दिया है। पार्टी के भीतर इस मामले को दो गुट बनते दिखाई दे रहे हैं। एक गुट आरोपी पदाधिकारी के समर्थन में है, जबकि दूसरा निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है। मामला राजधानी लखनऊ तक पहुंच चुका है और पार्टी हाईकमान ने जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है।


