यूपी चुनाव से पहले BJP को झटका! विधायक ओम कुमार की विधायकी खत्म, हाईकोर्ट ने क्यों लिया ये एक्शन

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बिजनौर की नहटौर सीट से बीजेपी विधायक ओम कुमार का निर्वाचन रद्द कर दिया है, जिससे उनकी विधायकी चली गई है।

Sachin Singh
Published on: 26 Nov 2026 6:47 PM IST
यूपी चुनाव से पहले BJP को झटका! विधायक ओम कुमार की विधायकी खत्म, हाईकोर्ट ने क्यों लिया ये एक्शन
X

Om Kumar: उत्तर प्रदेश की सियासत से बड़ी खबर सामने आई है। बिजनौर जिले की नहटौर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक ओम कुमार को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने उनका निर्वाचन रद्द करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही उनकी विधानसभा सदस्यता भी खत्म हो गई है।

जस्टिस सलिल कुमार राय की एकल पीठ ने चुनाव याचिका पर सुनवाई पूरी करने के बाद यह फैसला सुनाया। हालांकि, ओम कुमार के पास अभी सुप्रीम कोर्ट जाने का विकल्प है। हाईकोर्ट ने उन्हें शीर्ष अदालत में अपील दाखिल करने के लिए 15 दिन का समय दिया है।

258 वोटों से जीते थे ओम कुमार, RLD प्रत्याशी ने दी थी चुनौती

यह पूरा मामला 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से जुड़ा है। उस चुनाव में बीजेपी के टिकट पर मैदान में उतरे ओम कुमार ने राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के उम्मीदवार मुंशी राम को बेहद करीबी मुकाबले में हराया था। दोनों के बीच जीत-हार का अंतर सिर्फ 258 वोटों का था।

चुनाव नतीजे आने के बाद मुंशी राम ने ओम कुमार के निर्वाचन को चुनौती देते हुए वर्ष 2022 में ही इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर दी थी। इस याचिका में ओम कुमार समेत नौ अन्य लोगों को पक्षकार बनाया गया था। मुंशी राम ने चुनाव प्रक्रिया में भ्रष्ट आचरण यानी 'करप्ट प्रैक्टिस' का आरोप लगाया था।

हलफनामे में आय छिपाने का लगा था आरोप

मुंशी राम की चुनाव याचिका में आरोप लगाया गया था कि ओम कुमार ने चुनाव आयोग के सामने दाखिल किए गए अपने हलफनामे में वास्तविक आय की जानकारी छिपाई थी। इसी आधार पर उनके चुनाव को रद्द करने की मांग की गई थी।

मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद हाईकोर्ट ने ओम कुमार का निर्वाचन रद्द करने का फैसला सुनाया। इस आदेश के बाद उनकी विधायकी चली गई है। हालांकि, इस फैसले के खिलाफ बीजेपी विधायक को सुप्रीम कोर्ट में अपील करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।

सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली तो क्या होगा?

अब ओम कुमार के पास इस फैसले को चुनौती देने के लिए सुप्रीम कोर्ट जाने का विकल्प है। अगर वह तय समय के भीतर शीर्ष अदालत पहुंचते हैं और वहां से उन्हें राहत मिलती है, तो आगे की कानूनी स्थिति उसी के अनुसार तय होगी। वहीं, अगर सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलती और हाईकोर्ट का आदेश प्रभावी रहता है, तो नहटौर विधानसभा सीट रिक्त मानी जाएगी।

क्या नहटौर सीट पर होगा उपचुनाव?

आमतौर पर किसी विधायक का निर्वाचन रद्द होने के बाद संबंधित विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराया जाता है। लेकिन नहटौर सीट के मामले में समय का गणित अहम है। प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव होने में छह महीने से भी कम समय बचा होने की बात कही जा रही है। ऐसे में इस सीट पर उपचुनाव होने की संभावना कम बताई जा रही है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story