TRENDING TAGS :
Bijnor News: फिल्म की शूटिंग के लिए बिजनौर पहुंचे अभिनेता अन्नू कपूर
Bijnor News: बॉलीवुड अभिनेता अन्नू कपूर अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग के लिए बिजनौर पहुंचे। मुरादाबाद-नूरपुर रोड स्थित होटल बेस्ट वेस्टर्न प्रिंस में फिल्म के कई महत्वपूर्ण दृश्यों की शूटिंग हुई।
Bijnor News
Bijnor News: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अन्नू कपूर अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में बिजनौर पहुंचे। उनके शहर में पहुंचने की खबर से स्थानीय लोगों और प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला। फिल्म की शूटिंग मुरादाबाद-नूरपुर रोड स्थित गोल बाग के होटल बेस्ट वेस्टर्न प्रिंस (Best Western Prince) में की गई, जहां फिल्म के कई महत्वपूर्ण दृश्यों को कैमरे में कैद किया गया।शूटिंग के दौरान होटल परिसर में फिल्म यूनिट की गतिविधियां जारी रहीं। इस दौरान अभिनेता अन्नू कपूर ने अपने सहज और मिलनसार व्यवहार से शूटिंग टीम और होटल के कर्मचारियों का दिल जीत लिया।
फिल्म की शूटिंग के व्यस्त कार्यक्रम के बीच बिजनौर के वरिष्ठ पत्रकार फैसल खान ने अभिनेता अन्नू कपूर से विशेष बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बिजनौर के माहौल, यहां के लोगों के व्यवहार और मेहमाननवाजी की जमकर तारीफ की।अन्नू कपूर ने कहा कि छोटे शहरों की सादगी और लोगों का अपनापन उन्हें हमेशा आकर्षित करता है। बिजनौर में शूटिंग का अनुभव उनके लिए बेहद यादगार रहा। बातचीत के दौरान उन्होंने अपने लंबे फिल्मी सफर और आगामी प्रोजेक्ट्स से जुड़े कई दिलचस्प पहलुओं को भी साझा किया।
100 से अधिक फिल्मों में निभा चुके हैं यादगार किरदार
20 फरवरी 1956 को भोपाल में जन्मे अन्नू कपूर ने वर्ष 1983 में श्याम बेनेगल की फिल्म 'मंडी' से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने 'मिस्टर इंडिया', 'तेजाब', 'डर', 'विक्की डोनर', 'जॉली एलएलबी 2' और 'ड्रीम गर्ल' जैसी कई चर्चित फिल्मों में अपने अभिनय की छाप छोड़ी।फिल्म 'विक्की डोनर' में डॉक्टर बलदेव चड्ढा के किरदार के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। अभिनय के अलावा उन्होंने निर्देशन, गायन और रेडियो प्रस्तुति के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
अंताक्षरी' से घर-घर में बनाई पहचान
अन्नू कपूर ने फिल्मों के साथ टेलीविजन और रेडियो की दुनिया में भी खास पहचान बनाई है। लोकप्रिय टीवी शो 'अंताक्षरी' के प्रस्तोता के रूप में उन्हें देशभर में लोकप्रियता मिली। वहीं, 'सुहाना सफर विद अन्नू कपूर' रेडियो कार्यक्रम के जरिए भी उन्होंने श्रोताओं के बीच अपनी अलग पहचान कायम की।बिजनौर में फिल्म की शूटिंग को स्थानीय स्तर पर कला और पर्यटन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे शहर को फिल्मी दुनिया में पहचान मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है।


