Bijnor News: खालिद-तालिब प्रकरण में कांग्रेस नेताओं को हाउस और कार्यालय पर गिरफ्तार, विवाद

Bijnor News: बिजनौर में खालिद-तालिब प्रकरण में कांग्रेस नेताओं को हाउस और कार्यालय पर गिरफ्तार किया गया, जिससे राजनीतिक विवाद तेज़ हो गया।

Faisal Khan
Published on: 6 April 2026 12:46 PM IST
Bijnor News: खालिद-तालिब प्रकरण में कांग्रेस नेताओं को हाउस और कार्यालय पर गिरफ्तार, विवाद
X

Bijnor News: बिजनौर में मशहूर खालिद-तालिब प्रकरण में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजय राय ने निम्नलिखित लोगों का एक प्रतिनिधि मंडल बनाया था: पूर्व मंत्री ओम वती, जिला अध्यक्ष हेनरीता सिंह, शहर अध्यक्ष हुमायूं बेग, पूर्व प्रदेश सचिव नीरज चौधरी, मुनीश त्यागी और चितवन शर्मा (कोऑर्डिनेटर जनपद मुजफ्फरनगर)। यह प्रतिनिधि मंडल 6 अप्रैल सुबह 10 बजे खालिद-तालिब बंधुओं से मिलने बिजनौर जिला कारागार जाने वाला था। लेकिन पुलिस प्रशासन ने हुमायूं बेग और हेनरीता सिंह को हाउस अरेस्ट कर लिया, जबकि चितवन शर्मा, नीरज चौधरी, विक्रम सिंह और अनिल त्यागी को कार्यालय पर नजरबंद कर दिया।

चितवन शर्मा ने कहा कि यह भाजपा सरकार की पूर्ण तानाशाही है। यह सरकार नहीं चाहती कि कांग्रेस किसी भी पीड़ित परिवार से मिले। उन्होंने कहा कि खालिद-तालिब बंधु प्रकरण में भाजपा पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह अपने राजनैतिक फायदे के लिए बिजनौर के आपसी भाईचारे में दरार डालने का प्रयास कर रहे हैं, जो निंदनीय है।

उन्होंने आगे कहा कि यदि खालिद-तालिब बंधु कोई गलत या गैरकानूनी कार्य कर रहे थे तो उस विषय पर कार्रवाई प्रशासन का कार्य है, न कि पूर्व सांसद का। उन्होंने सवाल उठाया कि पूर्व सांसद किस पद या अधिकार से घटना स्थल पर गए थे। नीरज चौधरी ने आरोप लगाया कि तालिब बंधुओं का पूर्ण रूप से उत्पीड़न किया जा रहा है और भारतेंद्र सिंह सत्ता का लाभ उठाकर अपनी राजनैतिक रोटियां सेंक रहे हैं।

मुनीश त्यागी ने कहा कि खालिद-तालिब बंधुओं के साथ हो रहे अत्याचार सिर्फ राजनीति का हिस्सा हैं। भारतेंद्र सिंह सत्ता का दुरुपयोग करके बिजनौर का माहौल खराब कर चुनावी लाभ लेना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा जनता को मुद्दों से भटकाने के लिए धर्म का सहारा ले रही है, जबकि देश का हर वर्ग एकता, शांति और युवाओं के लिए बेहतर भविष्य चाहता है। नीरज चौधरी और चितवन शर्मा ने मिलकर कहा कि अत्याचार और अहंकार ज्यादा समय तक नहीं चल सकते। कांग्रेस इस मामले में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और जनता को सच्चाई बताने का प्रयास कर रही है।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story