Bijnor News: चक्रवात अर्नब का असर, मंदिर पर गिरी बिजली, स्कूल क्षतिग्रस्त

Bijnor News: सेलाखेड़ी गांव में देर रात बिजली गिरने से मंदिर का शिखर टूटा, मलबा स्कूल की छत पर गिरा। हादसे के समय स्कूल बंद होने से बच्चे और शिक्षक सुरक्षित रहे।

Faisal Khan
Published on: 30 Oct 2026 5:14 PM IST
Cyclone Arnab affects,
X

चक्रवात अर्नब का असर, मंदिर पर गिरी बिजली, स्कूल क्षतिग्रस्त (Photo- Newstrack)

Bijnor News: चक्रवात अर्नब का असर जिले में दिखाई देने लगा है। गुरुवार से ही मौसम में बदलाव के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। रात के समय हुई बारिश के बीच राजा का ताजपुर क्षेत्र के गांव सेलाखेड़ी में आसमान से ऐसी आफत गिरी कि मंदिर और स्कूल दोनों को नुकसान पहुंच गया।

दरअसल, देर रात करीब डेढ़ बजे बारिश के दौरान अचानक बिजली गांव के मंदिर पर गिर गई। बिजली गिरने से मंदिर का शिखर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद शिखर का मलबा पास में बने स्कूल की छत पर जा गिरा। मलबे के कारण स्कूल की छत टूट गई और उसका हिस्सा कमरे के अंदर जा गिरा। कमरे में रखा सामान भी इसकी चपेट में आकर खराब हो गया।

रात के सन्नाटे में हुई इस घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मंदिर के टूटे शिखर और स्कूल की क्षतिग्रस्त छत को देखकर लोग हैरान रह गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसा उस समय हुआ जब स्कूल बंद था। अगर दिन के समय बिजली गिरती तो वहां मौजूद बच्चों और शिक्षकों के लिए बड़ा खतरा पैदा हो सकता था।

गांव के प्रधान त्रिवेंद्र कुमार शर्मा उर्फ बजरंगी ने बताया कि घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मंदिर और स्कूल की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।

चक्रवात के असर से जिले में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। वहीं, सेलाखेड़ी में हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों को अब मंदिर और स्कूल की मरम्मत का इंतजार है।

Faisal Khan
ABOUT THE AUTHOR

Faisal Khan

faisalkhan.newstrack.com@gmail.com
Next Story