TRENDING TAGS :
Bijnor Blast: बारूद में तेज धमाका, सड़क किनारे आतिशबाजी सामग्री में विस्फोट, दो भाई झुलसे
Bijnor Blast: बिजनौर के वाजिदपुर में सड़क किनारे पड़ी आतिशबाजी सामग्री में अचानक विस्फोट से दो सगे भाई झुलस गए, हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर किया गया।
बारूद में तेज धमाका, सड़क किनारे आतिशबाजी सामग्री में विस्फोट, दो भाई झुलसे (Photo- Newstrack)
Bijnor News: बिजनौर के थाना शेरकोट क्षेत्र के गांव वाजिदपुर में सड़क किनारे पड़े आतिशबाजी के मिक्स मैटेरियल में अचानक तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। विस्फोट की चपेट में आने से चारा लेकर घर लौट रहे दो सगे भाई रोहन और रोहित बुरी तरह झुलस गए। दोनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को मेरठ रेफर कर दिया। हादसे के बाद पीड़ित भाइयों की मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
दिया फायर वर्क्स फैक्ट्री के पास हुआ हादसा
मामला थाना शेरकोट क्षेत्र के गांव वाजिदपुर में स्थित दिया फायर वर्क्स आतिशबाजी की फैक्ट्री के पास का है। बताया गया कि बीते शाम दो सगे भाई रोहन और रोहित जंगल से पशुओं के लिए चारा लेकर घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान फैक्ट्री से कुछ दूरी पर सड़क किनारे आतिशबाजी का मिक्स मैटेरियल का ढेर पड़ा हुआ था।
दोनों भाई जैसे ही वहां से गुजर रहे थे, अचानक सड़क किनारे पड़े बारूद में तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद बारूद में आग लग गई और दोनों भाई उसकी चपेट में आ गए। आग की चपेट में आने से दोनों बालक बुरी तरह झुलस गए।
जिला अस्पताल से दोनों भाइयों को मेरठ किया गया रेफर
विस्फोट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास के लोग दोनों घायल भाइयों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां दोनों का उपचार शुरू किया गया, लेकिन उनकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया।
हादसे के बाद परिवार में भी कोहराम मचा हुआ है। दोनों भाइयों की हालत गंभीर होने की जानकारी मिलने के बाद उनकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों का भी घटना के बाद से बुरा हाल है।
हाल ही में सील हुई थी पटाखा फैक्ट्री
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आतिशबाजी की इस फैक्ट्री को हाल ही में सील किया गया था। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान फैक्ट्री की क्षमता से अधिक बारूद मिला था। अधिकारियों के मुताबिक ऐसी संभावना है कि फैक्ट्री मालिक ने डर की वजह से आतिशबाजी का मटीरियल फैक्ट्री से बाहर सड़क किनारे फेंक दिया हो। इसी मटीरियल में किसी वजह से विस्फोट हुआ और आग लग गई।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और सड़क किनारे बारूद का मटीरियल पहुंचने की स्थिति की भी जांच की जा रही है।


