TRENDING TAGS :
Bijnor News: टाइगर रिजर्व घूमने वालों के लिए खुशखबरी, 30 जून तक बढ़ाई पर्यटकों की एंट्री
Bijnor News: बिजनौर के टाइगर रिजर्व घूमने की योजना बना रहे पर्यटकों के लिए राहत भरी खबर। प्रशासन ने पर्यटकों की एंट्री की अवधि 30 जून तक बढ़ा दी है। जानिए नए नियम और पूरी जानकारी।
Bijnor News(Photo-Social Media)
Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद के अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। योगी सरकार ने अमानगढ़ टाइगर रिजर्व समेत उत्तर प्रदेश के सभी चारों टाइगर रिजर्व में पर्यटकों के प्रवेश की समय सीमा बढ़ा दी है। पहले यह अवधि 15 जून तक निर्धारित थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 30 जून कर दिया गया है। सरकार के इस फैसले से पर्यटकों में खुशी का माहौल है।
देश-विदेश से आते हैं पर्यटक
अमानगढ़ टाइगर रिजर्व प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों के कारण पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। यहां केवल देश के विभिन्न हिस्सों से ही नहीं बल्कि विदेशों से भी पर्यटक पहुंचते हैं। बिजनौर जिले के बड़ी संख्या में लोग भी अमानगढ़ टाइगर रिजर्व का भ्रमण करने आते हैं और जंगल में वन्यजीवों को देखकर रोमांच का अनुभव करते हैं।
टाइगर से लेकर किंग कोबरा तक का है बसेरा
अमानगढ़ टाइगर रिजर्व जैव विविधता के लिए जाना जाता है। यहां टाइगर, हाथी, चीतल, हिरण और भालू समेत कई प्रकार के जंगली जानवर निवास करते हैं। इसके अलावा दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में शामिल किंग कोबरा भी यहां पाया जाता है। यही वजह है कि वन्यजीव प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए यह स्थान विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
समय सीमा बढ़ने से बढ़ेगी पर्यटकों की संख्या
अमानगढ़ टाइगर रिजर्व और अन्य टाइगर रिजर्व की समय सीमा बढ़ाए जाने से वन विभाग के अधिकारी भी उत्साहित हैं। बिजनौर के डीएफओ जय सिंह कुशवाहा ने बताया कि इस वर्ष नवंबर महीने से लेकर अब तक करीब 3500 पर्यटक अमानगढ़ टाइगर रिजर्व का भ्रमण कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि पहले अमानगढ़ टाइगर रिजर्व को हर साल 15 जून तक पर्यटकों के लिए खोला जाता था, लेकिन इस बार सरकार ने इसे 30 जून तक खोलने का फैसला लिया है। उनका मानना है कि अतिरिक्त 15 दिनों की अवधि मिलने से पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होगी तथा अधिक लोग जंगल सफारी और वन्यजीवों का आनंद ले सकेंगे।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
सरकार के इस निर्णय से अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। पर्यटकों को अब जंगल की खूबसूरती और वन्यजीवों को देखने के लिए पहले की तुलना में अधिक समय मिलेगा, जिससे आने वाले दिनों में यहां पर्यटकों की संख्या और बढ़ सकती है।


