TRENDING TAGS :
Bijnor News: नूरपुर-धामपुर मार्ग पर बड़ा हादसा, पानी भरे गड्ढे में डूबी कार; 20 साल के युवक की मौत
Bijnor News: नूरपुर-धामपुर मार्ग पर बड़ा हादसा: पानी भरे गड्ढे में कार पलटने से 20 वर्षीय रिहान की मौत, दो युवक गंभीर रूप से घायल।
Bijnor News: बिजनौर के नूरपुर में मंगलवार दोपहर नूरपुर-धामपुर मार्ग पर एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने मौके पर मौजूद लोगों को हिलाकर रख दिया। धौलागढ़ के पास तेज रफ्तार में जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। गड्ढे में पानी भरा था, जिसकी वजह से कार पानी में पलट गई और उसमें सवार तीन युवक अंदर फंस गए।
हादसा दोपहर करीब तीन बजे का बताया जा रहा है। तीनों युवक नूरपुर से धामपुर की तरफ जा रहे थे। धौलागढ़ के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ा और देखते ही देखते कार सड़क से नीचे उतरकर पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी। कार के गड्ढे में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर पहुंचे लोगों ने बिना देर किए कार में फंसे युवकों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी। पानी में डूबी कार से तीनों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार स्थानीय लोगों ने तीनों युवकों को बाहर निकाल लिया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
तीनों की हालत को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। इसी दौरान शहीदनगर नूरपुर निवासी 20 वर्षीय रिहान पुत्र छुट्टन ने रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे की खबर परिवार तक पहुंची तो घर में चीख-पुकार मच गई। रिहान की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं अथाई निवासी उसैद पुत्र सल्लू की हालत गंभीर बताई गई है। उसे इलाज के लिए मेरठ रेफर किया गया है। तीसरे घायल हुसैन को उसके परिजन इलाज के लिए दिल्ली लेकर गए हैं।
इस हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। कुछ ही देर पहले जिस सड़क पर तीन युवक अपने सफर पर निकले थे, वहीं पानी से भरे गड्ढे में हुए हादसे ने एक परिवार को जिंदगी भर का गम दे दिया।


