TRENDING TAGS :
Bijnor News: जननायक एक्सप्रेस में सीट विवाद पर बवाल, जीआरपी और परिवार में मारपीट; 6 पर केस दर्ज
Bijnor News: बिजनौर-नजीबाबाद के बीच ट्रेन 15211 में कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद, दो युवक गिरफ्तार; महिला पक्ष व जीआरपी ने एक-दूसरे पर लगाए मारपीट के आरोप।
Bijnor News: ट्रेन में सफर के दौरान एक सीट को लेकर शुरू हुई बहस ने ऐसा रूप ले लिया कि यात्री और जीआरपी के जवान आमने-सामने आ गए। मामला अमृतसर जा रही जननायक एक्सप्रेस का है। ट्रेन में एक महिला सीट पर लेटी थी। दूसरी महिला ने उससे बैठने के लिए जगह मांगी, लेकिन इसी बात को लेकर दोनों परिवारों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ा तो जीआरपी के जवान भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद महिला पक्ष और सिपाही के बीच भी विवाद होने लगा। महिला ने सिपाही पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
वहीं, जीआरपी का दावा है कि यात्रियों ने एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात जवानों के साथ मारपीट की।मामले में चार महिलाओं समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार भी किया है। हालांकि, घटना को लेकर दोनों पक्षों की कहानी अलग-अलग है और सामने आए वीडियो में भी विवाद के शुरुआती हिस्से के कुछ दृश्य दिखाई दे रहे हैं।
बीमार महिला से मांगी थी बैठने के लिए जगह
घटना 18 नवंबर की शाम की है। मुरादाबाद स्टेशन से करीब 6:30 बजे जननायक एक्सप्रेस नजीबाबाद के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन में बिहार की रहने वाली एक महिला सफर कर रही थी। वह अपनी सीट पर लेटी हुई थी। इसी दौरान दूसरे परिवार की एक महिला ने उससे बैठने के लिए जगह मांगी। इसी बात पर दोनों परिवारों के बीच बहस शुरू हो गई।महिला की बेटी के मुताबिक, उसकी मां हाई ब्लड प्रेशर की मरीज है। छठ पूजा मनाकर घर लौटते समय उसकी तबीयत खराब हो गई थी। ऐसे में पास बैठे एक यात्री ने अपनी सीट उसकी मां को आराम करने के लिए दे दी थी। परिवार का कहना है कि इसी वजह से उसकी मां सीट पर लेटी हुई थी।
दो महिलाओं को सीट दिलाने पहुंचे थे सिपाही
पीड़ित महिला की बेटी ने बताया कि कोच में दो महिलाओं को बैठने के लिए जगह चाहिए थी। वे पहले आगे की तरफ चली गईं, लेकिन कुछ देर बाद जीआरपी का एक सिपाही उन्हें अपने साथ लेकर वापस आया। बेटी के अनुसार, सिपाही ने उनकी मां से उन महिलाओं को भी बैठाने के लिए कहा।
परिवार का कहना है कि उस समय सीटों पर पहले से लोग बैठे थे और जगह नहीं थी। इसी बात को लेकर सिपाही और परिवार के बीच बातचीत होने लगी। बेटी का आरोप है कि सिपाही ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया और उसका कॉलर पकड़ लिया। इसके बाद विवाद और बढ़ गया।महिला पक्ष ने आरोप लगाया कि जीआरपी के सिपाही ने उसकी मां के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई।
जीआरपी की कहानी में यात्रियों पर मारपीट का आरोप
इस मामले में जीआरपी मुरादाबाद की ओर से जारी जानकारी में कहा गया है कि 18 नवंबर को ट्रेन नंबर 15211 जननायक एक्सप्रेस में एस्कॉर्ट ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों के साथ छह लोगों ने मारपीट और गाली-गलौज की। जीआरपी ने इन लोगों पर जवानों को जान से मारने की धमकी देने और सरकारी काम में बाधा डालने का भी आरोप लगाया है।
इसी शिकायत के आधार पर जीआरपी मुरादाबाद थाने में चंदन ठाकुर समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमे में मारपीट, धमकी और सरकारी काम में रुकावट डालने से जुड़ी धाराएं शामिल की गई हैं।
दो युवकों को गिरफ्तार कर मुरादाबाद ले गई जीआरपी
मामले में जीआरपी ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें दरभंगा जिले के बहेड़ी निवासी चंदन ठाकुर (20) और समस्तीपुर जिले के अंगार घाट निवासी पिक्कू कुमार (20) शामिल हैं। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।मुकदमे में चार महिलाओं के नाम भी शामिल हैं। इनमें पीड़ित परिवार की बेटियां लक्ष्मी, सुनीता और खुशी के नाम बताए गए हैं। घटना के बाद महिला और उसकी बेटियां दूसरी ट्रेन से अपने घर के लिए रवाना हो गईं।
देर रात रेलवे के अधिकारी पहुंचे, परिवार और सिपाहियों से पूछे सवाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद आरपीएफ कमांडेंट ऋषि कुमार शुक्ला और मुरादाबाद जीआरपी इंस्पेक्टर कमल किशोर देर रात नजीबाबाद पहुंचे। आरपीएफ प्रभारी विपिन कुमार की मौजूदगी में उन्होंने दोनों सिपाहियों और बिहार निवासी परिवार से बातचीत की। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से घटना के बारे में जानकारी जुटाई।
वीडियो में सीट पर लेटी महिला और खड़े यात्री दिखाई दिए
घटना के दो वीडियो आज तक को मिले हैं। इनमें ट्रेन के कोच में कुछ यात्री खड़े दिखाई दे रहे हैं। कुछ महिलाएं अपने बच्चों को लेकर खड़ी हैं, जबकि एक महिला सीट पर लेटी नजर आ रही है।वीडियो में दूसरी महिलाएं उससे लेटने के बजाय बैठने और जगह देने के लिए कहती दिखाई देती हैं। इसी दौरान बहस शुरू होती है। इसके बाद जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचते हैं और महिलाओं को बैठाने के लिए जगह दिलाने की कोशिश करते नजर आते हैं। महिला मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करती भी दिखाई देती है।हालांकि, इन वीडियो में विवाद के बाद के सभी घटनाक्रम साफ तौर पर सामने नहीं आते। इसलिए केवल वीडियो के आधार पर यह कहना मुश्किल है कि मारपीट किसने शुरू की और सिपाही तथा महिला के बीच विवाद किस तरह बढ़ा।
महिला के आरोप और जीआरपी के दावे में अंतर
पूरे मामले में दोनों पक्षों के आरोप एक-दूसरे से अलग हैं। महिला पक्ष का कहना है कि उसकी मां बीमार थी और सीट पर आराम कर रही थी। सिपाही ने दूसरी महिलाओं को बैठाने के लिए दबाव बनाया और विरोध करने पर मारपीट की। वहीं, जीआरपी का कहना है कि ड्यूटी कर रहे जवानों के साथ छह यात्रियों ने मारपीट की।
फिलहाल, इस घटना में मुकदमा दर्ज होने के साथ दो युवकों की गिरफ्तारी हो चुकी है। लेकिन ट्रेन में सीट को लेकर शुरू हुई बहस में किसकी क्या भूमिका रही और महिला के साथ मारपीट के आरोप कितने सही हैं, इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही मिल सकेगा।


