Bijnor News: सूए से हमला कर बाराती की हत्या, शादी समारोह में हुई खूनी वारदात

Bijnor News: बिजनौर के बैंक्वेट हॉल में शराब पीने को लेकर विवाद के बाद अश्वनी कुमार पर नुकीले सूए से हमले का आरोप, परिजनों ने 15 से 20 लोगों पर मारपीट की शिकायत की।

Faisal Khan
Published on: 20 Oct 2026 10:08 PM IST
Murder case in wedding ceremony
X

सूए से हमला कर बाराती की हत्या, शादी समारोह में हुई खूनी वारदात (Photo- Newstrack)

Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में शादी समारोह के दौरान खुशियों का माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब शराब पीने को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक बाराती की नुकीले सूए से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

शादी समारोह में शराब पीने को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, बिजनौर के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के मखवाड़ा गांव से बारात बिजनौर के पास स्थित बकली गांव के हीरा बैंक्वेट हॉल में आई थी। शादी समारोह के दौरान गांव के कुछ ग्रामीण शराब पी रहे थे। इसी बीच बारात में आए अश्वनी कुमार की उनसे कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक हो गया।

नुकीले सूए से ताबड़तोड़ हमला, मौके पर मौत

आरोप है कि कहासुनी के बाद गुस्साए रवि ने अश्वनी कुमार पर नुकीले सूए से कई वार कर दिए। हमले में अश्वनी गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। शादी समारोह में हुई इस वारदात से दोनों पक्षों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

परिजनों ने 15 से 20 लोगों पर मारपीट का लगाया आरोप

मृतक के रिश्तेदारों का आरोप है कि अश्वनी कुमार पर हमला केवल एक व्यक्ति ने नहीं किया, बल्कि करीब 15 से 20 लोगों ने बारातियों के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की बात कही है।

पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश

एसपी सिटी डॉ. केजी सिंह ने मामले को लेकर जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है और परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Faisal Khan
ABOUT THE AUTHOR

Faisal Khan

faisalkhan.newstrack.com@gmail.com
Next Story