TRENDING TAGS :
अब साइकिल की सवारी करेंगे बृजभूषण राजपूत? सपा में जाने की खबरों पर सांसद पिता ने कह दी बड़ी बात
UP News: चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के समर्थन में उनके पिता और पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत सामने आए। उन्होंने जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह पर अनुशासनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा, “बेटे ने जनता के लिए सच बोला है; अगर विधायक को नोटिस मिला है, तो मंत्री को भी मिलना चाहिए।”
UP Politics: महोबा में जल जीवन मिशन की हालात पर विवाद बढ़ता जा रहा है। यूपी के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से विवाद करने वाले चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत के समर्थन में अब उनके पिता और पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत भी सामने आ गए हैं। गंगाचरण राजपूत ने पार्टी की तरफ से बेटे को नोटिस जारी होने के बीच मंत्री पर अनुशासनहीनता के गंभीर आरोप लगाए और कहा कि उनके बेटे ने जो कहा वह जनता का दर्द था।
‘विधायक को नोटिस मिला तो मंत्री को भी मिलना चाहिए’
बुंदेलखंड में पानी की पाइपलाइन बिछाने के दौरान खुदी सड़कें अब भाजपा के अंदरूनी मतभेद का कारण बन गई हैं। चरखारी विधायक द्वारा मंत्री का काफिला रोकने और सोशल मीडिया पर बयान देने के बाद शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बेटे को नोटिस जारी होने पर गंगाचरण ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर विधायक को नोटिस मिला है, तो मंत्री को भी नोटिस मिलना चाहिए।
‘बेटा सत्य और पानी की लड़ाई लड़ रहा है’
गंगाचरण ने कहा कि उनका बेटा ‘सत्य और पानी’ की लड़ाई लड़ रहा है और कुछ लोग इसे जानबूझकर जातिवाद से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री के ‘राजनीतिक करियर खराब’ होने वाले बयान ने पार्टी के संविधान का उल्लंघन किया। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि मंत्री अक्सर चापलूसों से घिरे रहते हैं, जो वास्तविक स्थिति छिपाते हैं। उनके बेटे ने सिर्फ मोदी सरकार की 20,000 करोड़ की ‘नमामि गंगे’ परियोजना में जमीनी खामियों को उजागर किया, जहां ठेकेदारों और इंजीनियरों की लापरवाही के कारण गांव दलदल में बदल गए।
बृजभूषण राजपूत भाजपा में ही रहेंगे
सपा में जाने की अटकलों को खारिज करते हुए गंगाचरण ने कहा कि उनका बेटा हिंदुत्व की राजनीति करता है और भाजपा में ही रहेगा। मुख्यमंत्री पर किए गए बयान को उन्होंने ‘जुबान फिसलना’ बताया और माफी की बात कही। उन्होंने चेतावनी दी कि सिर्फ कागज पर काम पूरा दिखाने से हकीकत नहीं बदलती।


