TRENDING TAGS :
Budaun Road Accident: रेस लगा रहे ट्रैक्टरों ने ई-रिक्शा को रौंदा, छह लोगों की मौत, दो घायल
Budaun Road Accident: बदायूं जिले में बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
Budaun Road Accident
Budaun Road Accident: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में बुधवार दोपहर भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उझानी कोतवाली क्षेत्र में कछला और उझानी के बीच भूलपुर इलाके के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो ट्रैक्टर चालक हाईवे पर रेस लगा रहे थे, जिसके चलते यह दर्दनाक दुर्घटना हुई।
ई-रिक्शा को मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों ट्रैक्टर तेज रफ्तार में एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सामने जा रहे एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
छह लोगों की मौत, दो घायल
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतक सभी लोग ई-रिक्शा में सवार थे। पुलिस मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी (डीएम) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। क्षेत्राधिकारी (सीओ) उझानी ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों ट्रैक्टरों को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर चालकों की लापरवाही और तेज रफ्तार इस हादसे का मुख्य कारण रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


