Bulandshahr News: नवविवाहिता से मिलने पहुंचे युवक की मौत, प्रेमिका और पति गिरफ्तार

Bulandshahr News: बुलंदशहर में प्रेम प्रसंग से जुड़ा सनसनीखेज मामला, नवविवाहिता से मिलने पहुंचे युवक की संदिग्ध मौत, दो आरोपी गिरफ्तार।

Sandeep Tayal
Published on: 16 Jun 2026 11:12 AM IST
Bulandshahr News: नवविवाहिता से मिलने पहुंचे युवक की मौत, प्रेमिका और पति गिरफ्तार
X

Bulandshahr News

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीबी नगर थाना क्षेत्र में अपनी नवविवाहिता प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने प्रेमिका और उसके ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए प्रेमिका और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रेमिका से मिलने ससुराल पहुंचा था युवक

जानकारी के अनुसार बुलंदशहर जनपद के छतरी थाना क्षेत्र निवासी अवध नोएडा में खोमचा लगाने का काम करता था। इसी दौरान उसे अपने साझीदार की बहन से प्रेम हो गया था। बताया गया है कि करीब दो माह पहले युवती का विवाह बीबी नगर थाना क्षेत्र के गांव चित्सोन अल्लीपुर में हो गया था।मृतक के परिजनों का आरोप है कि 14 जून को युवती ने फोन कर अवध को अपने ससुराल बुलाया था। प्रेमिका के बुलावे पर अवध उससे मिलने के लिए गांव पहुंच गया।

रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद मारपीट का आरोप

परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने अवध को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई की गई। आरोप यह भी है कि युवक को बिजली का करंट लगाया गया और उसे जबरन विषाक्त पदार्थ खिलाया गया।बताया जा रहा है कि गंभीर हालत में अवध को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रेमिका ने ही परिजनों को दी थी सूचना

परिजनों के मुताबिक अवध के पकड़े जाने की सूचना भी प्रेमिका ने ही फोन कर उसके परिवार वालों को दी थी। युवक की मौत के बाद परिवार ने मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

स्याना के क्षेत्राधिकारी रामकरण सिंह ने बताया कि मामले में मृतक की प्रेमिका मंजू, उसके पति कृष्ण तथा ससुराल पक्ष के जीतू, गुलशन और रेखा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंजू और उसके पति कृष्ण को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Sandeep Tayal
ABOUT THE AUTHOR

Sandeep Tayal

Next Story