Bulandshahr News: मंडी समिति कंप्यूटर ऑपरेटर ₹10,000 की रिश्वत लेते गिरफ्तार, सचिव और ऑपरेटर पर FIR

Bulandshahr News: बुलंदशहर के शिकारपुर मंडी समिति में एंटी करप्शन टीम ने ₹10,000 की रिश्वत लेते कंप्यूटर ऑपरेटर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मंडी सचिव और ऑपरेटर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

Sandeep Tayal
Published on: 19 Jun 2026 10:23 AM IST
Bulandshahr News: मंडी समिति कंप्यूटर ऑपरेटर ₹10,000 की रिश्वत लेते गिरफ्तार, सचिव और ऑपरेटर पर FIR
X

Bulandshahr News

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद के शिकारपुर मंडी समिति के कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र को एंटी करप्शन विभाग की टीम ने ₹10,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर मयंक अरोड़ा ने शिकारपुर मंडी सचिव अर्जुन सिरोही और ऑपरेटर जितेंद्र के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत शिकारपुर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फिलहाल मंडी सचिव फरार बताए जा रहे हैं।

सफाई ठेकेदार से चेक देने की एवज में मांगी गई थी रिश्वत

कृषि उत्पादन मंडी समिति शिकारपुर में विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय मोमराज निवासी सलेमपुर के पास अप्रैल 2026 तक सफाई कार्य का ठेका था। सफाई कार्य के एवज में मंडी समिति की ओर से ₹1,20,400 का भुगतान बकाया था। आरोप है कि चेक देने की एवज में मंडी समिति सचिव द्वारा ₹10,000 की रिश्वत की मांग की जा रही थी।मामले की शिकायत पीड़ित ने एंटी करप्शन विभाग के मेरठ कार्यालय में की, जिसके बाद टीम सक्रिय हो गई। योजना के तहत ₹500-₹500 के 20 ट्रीटेड नोट एक लिफाफे में रखकर रिश्वत की रकम देने की तैयारी की गई।बताया गया कि मंडी सचिव अर्जुन सिरोही ने विनोद कुमार को फोन कर पहले बुलंदशहर कलेक्ट्रेट बुलाया और फिर मंडी समिति कार्यालय में जाकर कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र के माध्यम से रिश्वत की रकम देकर चेक लेने की बात कही।

जैसे ही विनोद कुमार शिकारपुर स्थित मंडी समिति कार्यालय पहुंचा और कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र को रिश्वत की रकम दी, तभी एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। उसके हाथ पानी से धुलवाए गए, तो रिश्वत की रकम पकड़ने के कारण हाथ लाल हो गए।एंटी करप्शन विभाग के निरीक्षक मयंक अरोड़ा ने कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र और मंडी सचिव अर्जुन सिरोही के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7/12 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। जितेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि मंडी सचिव अर्जुन सिरोही फरार बताए जा रहे हैं।

Sandeep Tayal
ABOUT THE AUTHOR

Sandeep Tayal

Next Story