Bulandshahr News: 24 घंटे में दूसरी मुठभेड़, मुकेश सोलंकी हत्याकांड के दो आरोपी भाई ढेर नहीं, लंगड़े

Bulandshahr News: बुलंदशहर के चोला क्षेत्र में मुकेश सोलंकी हत्याकांड के दो आरोपी भाइयों से पुलिस की मुठभेड़, दोनों के पैर में गोली लगी, हथियार और कार बरामद।

Sandeep Tayal
Published on: 6 Aug 2026 9:05 AM IST
Bulandshahr News: 24 घंटे में दूसरी मुठभेड़, मुकेश सोलंकी हत्याकांड के दो आरोपी भाई ढेर नहीं, लंगड़े
X

Bulandshahr Police Encounter

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में मुकेश सोलंकी हत्याकांड से जुड़े आरोपियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। चोला थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर दूसरी पुलिस मुठभेड़ में दो सगे भाई, जो हत्या के मामले में वांछित थे, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिकंद्राबाद के क्षेत्राधिकारी (सीओ) दीपक कुमार ने बताया कि बुधवार रात चोला थाना पुलिस और स्वाट टीम संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक कार में सवार संदिग्ध बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी।

घायल आरोपियों की पहचान दाउदपुर गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर मनीष और उसके भाई कपिल, दोनों पुत्र मुनेश, के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों 3 अगस्त को भूमि विवाद में किसान मुकेश सोलंकी की हत्या के मामले में वांछित चल रहे थे।मौके से पुलिस ने एक पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मनीष चोला थाने का हिस्ट्रीशीटर है और दोनों भाइयों के खिलाफ करीब आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी मुकेश सोलंकी हत्याकांड के दो अन्य आरोपी अनिल सोलंकी और जितेश पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए थे। इस तरह 24 घंटे के भीतर इस हत्याकांड से जुड़े चार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है।पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और हत्या प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।


Sandeep Tayal
ABOUT THE AUTHOR

Sandeep Tayal

वरिष्ठ संवाददाता, बुलंदशहरBulandshahrSandeepTayal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story