Bulandshahr में दीपावली पर 14 जगह आग, मां-बेटे-बेटी समेत तीन लोग झुलसे

Bulandshahr News: पटाखों की चिंगारी से मकान, दुकान और कबाड़ गोदामों में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख हुआ, दमकल की 12 यूनिट और 33 कर्मचारियों ने संभाला मोर्चा।

Sandeep Tayal
Published on: 9 Nov 2026 7:15 PM IST
places fire on Diwali in Bulandshahr, three people including mother-daughter
X

Bulandshahr में दीपावली पर 14 जगह आग, मां-बेटे-बेटी समेत तीन लोग झुलसे (Photo- Newstrack)

Bulandshahr News: यूपी के बुलंदशहर जनपद में दीपावली रात को पटाखों और उनकी चिंगारी ने जमकर कहर बरपाया। सिकन्द्राबाद के बुटेना गांव में भी आग लगने से एक ही परिवार के तीन लोग झुलस गए। मकान जल गया। मुख्य अग्नि शमन अधिकारी प्रमोद शर्मा ने बताया कि कबाड़ के गोदामों सहित कुल 13 स्थानों पर पटाखों के कारण आग लगने की घटनाएं हुई। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। अग्नि शमन विभाग द्वारा दीपावली पर विशेष सुरक्षा कवच तैयार किया गया था, संभावित अग्निकांडों के चलते 12 यूनिट्स, 33 कर्मचारी, फायर फाइटर्स, फायर टेंडर और बाइक टेंडर्स तैनात थे, जिन्होंने घटना स्थल पर समय से पहुंचकर आग पर नियंत्रण किया। बुलंदशहर जनपद में दीपावली पर्व पर जनपद में अलग-अलग स्थानों पर कबाड़, पराली, धान के पुआल, दुकान, गोदाम और पेड़ में आग लगने की घटनाएं हुई।

पटाखे की आग से जला घर, 3 झुलसे, मोनिका रैफर

सिकन्द्राबाद के गांव बुटैना में शनिवार की रात को भीम के मकान में अचानक आग लग गई। रात को शौंच के लिए उठी गृहस्वामिनी मोनिका ने आग की लपटें देख शोर मचाया, कमरे में सो रहे बच्चों के साथ बाहर भागी, आग से मोनिका, उसकी बच्चे तनिश और शिवम झुलस गए, ग्रामीणों और अग्निशमन कर्मियों ने पानी डाल आग बुझाई। घायलों को CHC में भर्ती कराया, मोनिका को रैफर किया गया है। भीम के भाई जितेंद्र ने पटाखे की चिंगारी से आग लगने की बात कही है।

दीपावली पर जनपद भर में आग लगने की ये घटनाएं हुई

बुलंदशहर के मुस्लिम इंटर कॉलेज मार्केट में गरुण इंटरप्राइजेज की छत पर रखे पुराने टायरों और कबाड़ में आग लग गई। आरके पुरम कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में रखे कबाड़ में भी आग लग गई। सिकंदराबाद क्षेत्र में वीपी हॉस्पिटल में गैस रिसाव की घटना से हड़कंप मच गया जहां अडानी गैस के कर्मचारियों ने पहुंच गैस रिसाव को बंद कराया। सिकंदराबाद में ओम कॉन्ट्रैक्टर बिल्डिंग मैटेरियल के पास नगर पालिका के डंपिंग ग्राउंड के कूड़े-कबाड़ में आग लग गई। ग्राम सलेमपुर कायस्थ में एक किसान की धान की पुआल में आग लग गई। असावर मोड़ पर सलेमपुर क्षेत्र में एक दुकान में आग लगने की सूचना पर टीम रवाना हुई, लेकिन रास्ते में ही आग बुझने की जानकारी मिलने पर वापस लौट आई।

डिबाई क्षेत्र के ग्राम दानपुर में किसान के बिटौड़े में आग लगने की घटना हुई। ग्राम मिर्जा बेगड़ा क्षेत्र में एक मकान में आग लगने की घटना हुई। स्याना में शमशाद मालिक के कबाड़ के गोदाम की छत पर आग लग गई, आग की ऊंची लपटों से इलाके में खलबली मच गई । स्याना क्षेत्र में पेड़ में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं।

अग्निशमन विभाग की तत्परता से अग्निकांड पर हुआ नियंत्रण, जनहानि नहीं: प्रमोद शर्मा

प्रमोद शर्मा ने बताया कि अग्निकांड में जनहानि नहीं हुई है। हालांकि नुकसान हुए है। सभी घटनाओं को अग्निशन विभाग की तत्परता, दमकल कर्मियों की सतर्कता से तत्काल नियंत्रित कर लिया गया। प्राथमिक जांच में सभी घटनाएं पटाखों के कारण हुई है। संभावित अग्निकांडों के सापेक्ष पहले से ही एक दर्जन यूनिट्स, 33 कर्मचारी, दमकल गाड़ियां, फायर टेंडर्स आदि तैनात किए गए थे जिससे आग लगने की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम यथा शीघ्र मौके पर पहुंची।

Sandeep Tayal
ABOUT THE AUTHOR

Sandeep Tayal

वरिष्ठ संवाददाता, बुलंदशहरBulandshahrSandeepTayal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story