TRENDING TAGS :
Uttarakhand News: CM धामी के निर्देशों का असर, रिकॉर्ड समय में तमक नाले पर यातायात बहाल
Uttarakhand News: चमोली की नीती घाटी में तमक नाले पर वैली ब्रिज बहने के बाद रिकॉर्ड समय में अस्थाई मोटर मार्ग तैयार कर यातायात बहाल किया गया। CM धामी ने टीमों को बधाई दी।
Uttarakhand News (Image Credit-Newstrack)
चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले की नीती घाटी में तमक नाले पर मार्ग बहाली का काम रिकॉर्ड समय में पूरा कर लिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई मोटर मार्ग तैयार किया। इसके बाद इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही सुचारु हो गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने निर्देश दिए थे कि तमक नाले में जल्द से जल्द अस्थाई पुल या वैकल्पिक मार्ग तैयार कर यातायात बहाल किया जाए। रिकॉर्ड समय में मार्ग बहाल होने पर मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमों को बधाई दी है।
तमक नाले में उफान से बह गया था वैली ब्रिज
नीती घाटी में भारी बारिश के कारण तमक नाला उफान पर आ गया था। तेज बहाव के चलते यहां बना वैली ब्रिज बह गया, जिससे क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई थी।
घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। उन्होंने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप और चमोली के जिलाधिकारी से लगातार राहत-बचाव कार्य तथा मार्ग बहाली की प्रगति की जानकारी ली।
युद्धस्तर पर शुरू हुआ मार्ग बहाली का काम
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। इसके बाद युद्धस्तर पर मार्ग बहाली का काम शुरू किया गया।
टीमों ने तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई मोटर मार्ग तैयार किया। मार्ग तैयार होने के बाद अब वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। प्रशासन की ओर से मौसम और नाले के जलस्तर को देखते हुए इस अस्थाई मार्ग पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
लापता व्यक्ति की तलाश में दूसरे दिन भी रेस्क्यू
वैली ब्रिज बहने की घटना के बाद एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना है। उसकी तलाश में दूसरे दिन भी सर्च और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
लापता व्यक्ति की तलाश के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP), एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीमें संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं। नदी तट और आसपास के संभावित स्थानों पर गहन तलाशी की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की
जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मौसम की स्थिति और तमक नाले के जलस्तर को देखते हुए मौके पर तैनात टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अस्थाई मार्ग से आवागमन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही मौके पर तैनात प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमों के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।


