TRENDING TAGS :
Chandauli News: दो सड़क हादसों में 108 एम्बुलेंस ने समय पर पहुंचकर बचाई जान
Chandauli News: चंदौली में एक घायल को मौके पर प्राथमिक उपचार मिला, जबकि जीटी रोड हादसे में एम्बुलेंस दो से तीन मिनट में पहुंची, घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
दो सड़क हादसों में 108 एम्बुलेंस ने समय पर पहुंचकर बचाई जान (Photo- Social Media)
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में 102 और 108 एम्बुलेंस सेवा ने दो अलग-अलग सड़क हादसों में तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए गंभीर रूप से घायल लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। एक घटना में सिर पर गंभीर चोट लगने से घायल 40 वर्षीय बबलू को समय पर प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि दूसरी घटना में जीटी रोड पर ट्रक और बाइक की टक्कर में घायल महिला और पुरुष को महज दो से तीन मिनट के भीतर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई गई। दोनों मामलों में एम्बुलेंस कर्मियों की सक्रियता की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
इलिया में हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल हुआ युवक
चंदौली जिले के इलिया इलाके में हुए सड़क हादसे में 40 वर्षीय बबलू गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर पर चोट लगी थी और काफी खून बह चुका था। सूचना मिलने पर 102/108 एम्बुलेंस सेवा का वाहन संख्या यूपी32ईजी7087 शाहबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से घटनास्थल पर पहुंचा। एम्बुलेंस में तैनात इमरजेंसी मेडिकल टेक्निशियन सीमा ने डिजिटल ब्लड प्रेशर मशीन और थर्मामीटर से घायल की जांच की। इसके बाद कॉटन, स्प्रिट और बैंडेज की मदद से घाव पर पट्टी की और डिक्लोफेनाक इंजेक्शन दिया। वहीं, एम्बुलेंस चालक सुरेन्द्र ने घायल को बिना देरी किए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहबगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आगे का उपचार शुरू किया।
जीटी रोड पर ट्रक और बाइक की टक्कर में घायल हुए महिला-पुरुष
दूसरी घटना शनिवार शाम सैयदराजा क्षेत्र में जीटी रोड पर हुई, जहां अनियंत्रित ट्रक और बाइक के बीच टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार महिला और पुरुष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। उस समय उनके साथ कोई परिजन या मददगार मौजूद नहीं था। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस सेवा महज दो से तीन मिनट में मौके पर पहुंच गई।
ईएमटी हरेंद्र ने रास्ते में दिया प्राथमिक उपचार
एम्बुलेंस में तैनात इमरजेंसी मेडिकल टेक्निशियन हरेंद्र ने दोनों घायलों को अस्पताल ले जाते समय प्राथमिक उपचार दिया। अधिक खून बहने से रोकने के लिए जरूरी पट्टियां की गईं और उनकी स्थिति को स्थिर करने का प्रयास किया गया। इसके बाद दोनों को जिला अस्पताल पंडित कमलापति त्रिपाठी, चंदौली में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
दोनों घटनाओं में एम्बुलेंस कर्मियों की तत्परता और सूझबूझ की स्थानीय लोगों ने प्रशंसा की। इन घटनाओं ने दिखाया कि सड़क हादसों के दौरान समय पर एम्बुलेंस पहुंचने और शुरुआती चिकित्सा सहायता मिलने से घायलों को अस्पताल तक सुरक्षित पहुंचाने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।


