TRENDING TAGS :
Chandauli: आकांक्षा सिंह ने संभाला सकलडीहा एसडीएम का पदभार, बनीं तहसील की पहली महिला उप जिलाधिकारी
Chandauli News: चंदौली की सकलडीहा तहसील को पहली महिला एसडीएम मिली हैं। वर्ष 2020 बैच की पीसीएस अधिकारी आकांक्षा सिंह ने पदभार ग्रहण करते हुए राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण, पारदर्शी प्रशासन और आम जनता को समयबद्ध न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता जताई।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जिले की सकलडीहा तहसील को गुरुवार को पहली महिला उप जिलाधिकारी (एसडीएम) मिलीं। वर्ष 2020 बैच की पीसीएस अधिकारी आकांक्षा सिंह ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी प्रशासन और आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता राजस्व मामलों का शीघ्र निस्तारण और फरियादियों को समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराना होगा।
गौरतलब है कि हाल ही में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बड़े पैमाने पर पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे। इसके तहत सकलडीहा के तत्कालीन एसडीएम कुंदन राज कपूर का स्थानांतरण वाराणसी कर दिया गया, जबकि प्रयागराज में तैनात आकांक्षा सिंह को चंदौली भेजा गया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने उन्हें सकलडीहा तहसील की जिम्मेदारी सौंपी।आकांक्षा सिंह मूल रूप से जौनपुर जिले की निवासी हैं। उन्होंने चित्रकूट में प्रशासनिक प्रशिक्षण प्राप्त किया है। प्रशिक्षण के बाद उनकी पहली तैनाती वाराणसी में हुई, जहां उन्होंने लगभग एक वर्ष तक सेवाएं दीं। इसके बाद प्रयागराज जनपद की कुराव, करछना और हंडिया तहसीलों में करीब ढाई वर्ष तक विभिन्न प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि तहसील में आने वाले फरियादियों को अनावश्यक रूप से बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विशेष कार्य योजना तैयार की जाएगी। लंबे समय से लंबित राजस्व मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए एक विशेष टीम गठित कर मौके पर पहुंचकर विवादों का समाधान कराया जाएगा और अभियान चलाकर पुराने मामलों का तेजी से निपटारा किया जाएगा।उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जनता को सरल, पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था उपलब्ध कराना है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए भी प्रभावी निगरानी की जाएगी।
इस अवसर पर तहसीलदार अनुराग सिंह, नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद, दिनेश चंद्र शुक्ला सहित तहसील के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नई एसडीएम का स्वागत करते हुए उनके साथ बेहतर समन्वय से कार्य करने का भरोसा जताया।


