TRENDING TAGS :
Chandauli News: आंधी तूफान की तबाही का डीएम ने किया आकलन, तत्काल लाभ देने में जुटा महकमा
Chandauli News: चंदौली में आंधी-तूफान से 2 लोगों की मौत, 80 मकान क्षतिग्रस्त। डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
आंधी तूफान की तबाही का डीएम ने किया आकलन, तत्काल लाभ देने में जुटा महकमा (Photo- Newstrack)
Chandauli News: चंदौली जनपद में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। जिले के कई इलाकों में पेड़ गिरने, मकानों के क्षतिग्रस्त होने और बिजली व्यवस्था ठप होने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। इस प्राकृतिक आपदा में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई पशुओं के हताहत होने की भी सूचना है। तूफान के बाद पूरे जिले में प्रशासनिक अमला राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
आपदा की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आर जगत साईं और राजस्व विभाग की टीम के साथ प्रभावित क्षेत्रों का स्वयं निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने सबसे अधिक प्रभावित चकिया क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया और अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
प्रशासन द्वारा किए गए प्रारंभिक आकलन में आंधी-तूफान से दो लोगों की मौत और तीन लोग गंभीर रूप से घायल से घायल की पुष्टि हुई है।इसके अलावा करीब 10 पशुओं की भी जान चली गई। तेज हवाओं और बारिश के कारण जिले में लगभग 80 मकानों को आंशिक और पूर्ण रूप से नुकसान पहुंचा है। कई कच्चे मकान धराशायी हो गए, जबकि कुछ पक्के मकानों की छतें और दीवारें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। प्रभावित परिवारों के सामने फिलहाल रहने और दैनिक जरूरतों की समस्या खड़ी हो गई है।
क्षति का जल्द से जल्द सर्वे पूरा करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व कर्मियों को क्षति का जल्द से जल्द सर्वे पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही क्षतिग्रस्त मकानों के स्वामियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
वहीं दूसरी ओर लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और वन विभाग की टीमें सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने तथा बाधित बिजली आपूर्ति बहाल करने में लगातार जुटी हुई हैं। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। चकिया क्षेत्र में सबसे अधिक तबाही के बाद स्थानीय लोगों में अब भी दहशत का माहौल बना हुआ है।


