TRENDING TAGS :
Chandauli News: ट्रक में सोए चालकों से असलहे के बल पर लूट,सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस
Chandauli News: ट्रक में सो रहे चालकों से कथित रूप से असलहे के बल पर लूट की वारदात सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: चंदौली जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के बर्थरा स्थित खाद गोदाम पर रविवार देर रात ट्रक चालकों से असलहे के बल पर लूट की घटना सामने आई है। बुलेट मोटरसाइकिल से पहुंचे बदमाशों ने सड़क के किनारे खड़े ट्रकों में सो रहे चालकों को निशाना बनाया और तमंचा सटाकर नकदी लूट ली। घटना के बाद ट्रक चालकों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर देवेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, बर्थरा खाद गोदाम पर बड़ी संख्या में ट्रक चालक खाद लोड कराने के लिए अपने वाहनों का नंबर आने का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान देर रात बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार बदमाश गोदाम परिसर में पहुंचे और ट्रकों में सो रहे चालकों को असलहे के बल पर धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने चालक शिवजनम से 400 रुपये तथा दूसरे चालक चंद्रमा से 3,000 रुपये नकद लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद वहां मौजूद अन्य ट्रक चालकों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कुछ ही देर बाद सीओ सदर देवेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित चालकों से घटना की जानकारी ली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
ट्रक चालकों का कहना है कि खाद गोदाम पर रात में बड़ी संख्या में वाहन खड़े रहते हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। ऐसे में बदमाशों ने इसका फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। इस संबंध में सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।


