Chandauli News: ऑटो पेड़ से टकराई,एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

Chandauli News: शहाबगंज थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया।

Ashvini Mishra
Published on: 24 May 2026 4:12 PM IST
Chandauli Accident News
X

Chandauli Accident News (Social Media)

Chandauli News: जनपद के शहाबगंज थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा चकिया-चंदौली मार्ग पर मचवल गांव के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार सवारी ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे यूकेलिप्टस के पेड़ से जा टकराया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार सेमरा गांव निवासी रोहन विश्वकर्मा (21) पुत्र बाबूलाल विश्वकर्मा अपने पड़ोसी चंदन पासवान के बच्चे को इलाज के लिए चंदौली अस्पताल ले गया था। बच्चे को भर्ती कराने के बाद वह चंदौली से शहाबगंज की ओर लौट रहे सवारी ऑटो संख्या यूपी 67 बीटी 1746 में बैठकर अपने गांव वापस आ रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही ऑटो मचवल गांव के पास पहुंचा, सामने से भारतमाला परियोजना में लगी मिट्टी ढोने वाली डंपर आ रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार ने अचानक डंपर को ओवरटेक करने का प्रयास किया।

बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ऑटो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ऑटो सड़क किनारे स्थित यूकेलिप्टस के पेड़ से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार रोहन विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक वृद्ध यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही शहाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल वृद्ध को एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

रोहन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Ramkrishna Vajpei

Ramkrishna Vajpei

Mail ID - rkvajpei@gmail.com

An innovative journalist with great ideas

Next Story