TRENDING TAGS :
Chandauli News: बोलेरो की टक्कर के बाद ट्रक ने क्षेत्र पंचायत सदस्य को कुचला, मौत से मचा कोहराम
Chandauli News: चंदौली के अलीनगर में एनएच-19 पर दर्दनाक हादसा, बोलेरो की टक्कर से गिरे क्षेत्र पंचायत सदस्य को ट्रक ने कुचला, साथी गंभीर घायल, चालक फरार।
बोलेरो की टक्कर के बाद ट्रक ने क्षेत्र पंचायत सदस्य को कुचला, मौत से मचा कोहराम (Photo- Newstrack)
Chandauli News: चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में क्षेत्र पंचायत सदस्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बोलेरो ने मारी टक्कर, ट्रक ने कुचल दिया
जानकारी के अनुसार अलीनगर थाना क्षेत्र के पंचफेडवा गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (एनएच-19) पर बाइक से जा रहे दो युवकों को पहले एक तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बाइक चला रहे क्षेत्र पंचायत सदस्य धर्मेंद्र तिवारी को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे में उनके साथ मौजूद अमित गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
सड़क हादसे में धर्मेंद्र तिवारी की मौत
बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र तिवारी और अमित किसी कार्य से वाराणसी स्थित श्रद्धा नेत्रालय जा रहे थे। रास्ते में यह भीषण हादसा हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और शुभचिंतक अस्पताल तथा घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद बोलेरो और ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार वाहनों की पहचान की जा सके।
अलीनगर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपित वाहन चालकों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


