Chandauli News: कांड करके चले गए पशु तस्कर! पुलिस को नहीं लगी भनक

Chandauli News: चंदौली में पशु तस्करों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस को घटना की भनक तक नहीं लगी, जांच शुरू कर दी गई है।

Ashvini Mishra
Published on: 23 May 2026 12:13 PM IST
Chandauli News
X

Chandauli News(Photo-Social Media)

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में पशु तस्करी को लेकर एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में आ गई है। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के भोजपुर से सकलडीहा स्टेशन जाने वाले मार्ग पर बढ़वालडीह गांव के समीप देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में पशु तस्करों की गाड़ी पलट गई। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद तस्कर मौके पर घायल गाय और भूसे की बोरियां छोड़कर फरार हो गए, लेकिन कुछ देर बाद वाहन को दोबारा खड़ा कर मौके से लेकर चले गए। हैरानी की बात यह रही कि घटना की भनक न तो 112 नंबर पुलिस को लगी और न ही क्षेत्र में तैनात पिकेट एवं गश्ती टीम को।

स्थानीय लोगों के अनुसार पलटी गाड़ी में भूसे की बोरियों के नीचे गायों को छिपाकर ले जाया जा रहा था। दुर्घटना के बाद सड़क किनारे घायल अवस्था में गाय मिलने और बिखरे भूसे को देखकर ग्रामीणों को पूरे मामले की जानकारी हुई। लोगों का कहना है कि यदि रात में नियमित गश्त और निगरानी होती तो तस्कर इतनी आसानी से वाहन लेकर फरार नहीं हो पाते।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि या तो पुलिस की लापरवाही है या फिर तस्करों से सांठगांठ। ग्रामीणों का कहना है कि जिस मार्ग पर घटना हुई वहां से पुलिस की गाड़ियां लगातार गुजरती हैं, बावजूद इसके इतनी बड़ी घटना की जानकारी किसी को नहीं होना कई सवाल खड़े करता है।

मामले में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल पीआरओ के पास होने के कारण बात नहीं हो सकी। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्र शेखर ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में तस्करों तक पहुंच पाती है या फिर यह मामला भी अन्य घटनाओं की तरह फाइलों में सिमट कर रह जाएगा।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story