TRENDING TAGS :
Chandauli News: 147 धान क्रय केंद्रों पर खरीद जारी, किसानों को मिलेगा 2441 रुपये एमएसपी
Chandauli News: चंदौली में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 147 धान क्रय केंद्रों पर खरीद जारी है। किसानों को 2441 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी के साथ सफाई एवं छनाई के लिए 20 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर किसानों से धान खरीद की प्रक्रिया लगातार जारी है। किसानों की सुविधा और उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए जिलाधिकारी द्वारा जनपद में कुल 147 धान क्रय केंद्र अनुमोदित किए गए हैं। इन केंद्रों पर विभिन्न क्रय संस्थाओं के माध्यम से किसानों का धान खरीदा जा रहा है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप धान सुखाकर और साफ करके ही क्रय केंद्रों पर लेकर पहुंचें, जिससे खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी राधवेन्द्र सिंह ने बताया कि शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त किसानों को धान की सफाई एवं छनाई मद में 20 रुपये प्रति क्विंटल की अतिरिक्त धनराशि भी देय होगी। इस प्रकार किसानों को शासन द्वारा निर्धारित दर के अनुसार भुगतान किया जाएगा।उन्होंने किसानों को सलाह दी कि अपनी उपज को अच्छी तरह सुखाकर, साफ-सुथरा और निर्धारित नमी की सीमा के अनुरूप ही क्रय केंद्रों पर लाएं। गीला अथवा अधिक नमी वाला धान लाने से खरीद और तौल के दौरान तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसलिए किसान पहले से ही धान की गुणवत्ता और नमी का विशेष ध्यान रखें।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी क्रय केंद्रों पर एमएसपी का लाभ लेने के लिए किसानों का खाद्य एवं रसद विभाग के विभागीय पोर्टल Fcs.up.gov.in पर धान विक्रय के लिए पंजीयन अनिवार्य है। इसके विकल्प के रूप में किसान फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर भी अपनी उपज बेच सकते हैं। पंजीयन और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसान आवश्यक अभिलेख एवं पंजीयन प्रपत्र लेकर क्रय केंद्र पहुंचें।उन्होंने किसानों से बिचौलियों के माध्यम से धान बिक्री नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि सीधे सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचकर शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य का पूरा लाभ उठाएं।
वहीं, सभी धान क्रय केंद्र प्रभारियों को किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने तथा पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या अनियमितता मिलने पर संबंधित जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


